''डबल इंजन'' सरकार ने माफिया, अराजकता और दुष्प्रवृत्तियों पर रोक लगाकर सुशासन का माहौल बनाया: CM Yogi
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 12:14 PM (IST)
महराजगंज : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि 'डबल इंजन' सरकार ने माफिया, अराजकता और दुष्प्रवृत्तियों पर रोक लगाकर प्रदेश में सुशासन का माहौल बनाया है। योगी ने महराजगंज में 208 करोड़ रुपये से अधिक की 79 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने इस दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "सही वोट से विकास, सुरक्षा, रोजगार और सुशासन सुनिश्चित होता है।" उन्होंने कहा, "डबल इंजन सरकार ने माफिया, अराजकता और दुष्प्रवृत्तियों पर रोक लगाकर प्रदेश में सुशासन का माहौल बनाया है।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "पूर्वांचल को माफिया और भय के माहौल से बाहर निकालकर विकास, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, रोजगार और सुरक्षा से जोड़ा गया है।" उन्होंने कहा कि भाजपा व सहयोगी दलों के विधायक बनने के बाद विधानसभा क्षेत्रों में मंदिरों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी गई। योगी ने कहा पहले जनता के करोड़ों रुपये कब्रिस्तानों की चारदीवारी पर खर्च होते थे जबकि अब वही धन मंदिरों में बेहतर सुविधाएं विकसित करने और आम जनता के हित में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले महराजगंज 'इंसेफेलाइटिस', बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और माफियावाद से जूझ रहा था लेकिन अब मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के कारण इस बीमारी पर नियंत्रण हुआ और सड़क नेटवर्क मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर-सोनौली फोरलेन बनने से यात्रा का समय दो घंटे से घटकर 45-50 मिनट रह जाएगा और रोहिन नदी पर बनेलिया माई बैराज से सिंचाई और संपर्क को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया का आतंक खत्म हुआ है और गरीबों को आवास, शौचालय, राशन और आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है। योगी ने पश्चिम एशिया संकट का जिक्र करते हुए लोगों से बिजली और ईंधन बचाने, कंपोस्ट खाद का उपयोग बढ़ाने और राष्ट्र प्रथम की भावना से सरकार का सहयोग करने की अपील की।

