इजराइल में कार्यरत उप्र के श्रमिक सुरक्षित, सरकार कर रही है निगरानी: श्रम मंत्री अनिल राजभर
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 08:09 PM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने इजराइल में कार्यरत उत्तर प्रदेश के श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आश्वस्त करते हुए रविवार को कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मौजूदा समय में उत्तर प्रदेश के कुल 6,004 निर्माण श्रमिक इजराइल में विभिन्न निर्माण कंपनियों में कार्यरत हैं।
ये श्रमिक राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) एवं इजराइल की सरकारी संस्था पीबा (पॉपुलेशन, इमिग्रेशन एंड बॉर्डर ऑथोरिटी) के माध्यम से चयनित होकर वर्ष 2024 के दौरान इजराइल भेजे गए थे। ये श्रमिक इजराइल की विभिन्न निर्माण कंपनियों/ परियोजनाओं में कार्यरत हैं तथा नियमित रूप से अपने कार्यस्थलों पर कार्य कर रहे हैं।
राज्य सरकार द्वारा इनके कुशलक्षेम पर सतत निगरानी रखी जा रही है। बयान में बताया गया है कि पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर भारतीय दूतावास, तेल अवीव द्वारा इजराइल में निवास कर रहे सभी भारतीय नागरिकों के हेतु सुरक्षा परामर्श जारी किया गया है। दूतावास द्वारा भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।
राजभर ने बताया कि विभाग इजराइल स्थित भारतीय दूतावास एवं एन०एस०डी०सी० के साथ सतत संपर्क में है, जिससे इजराइल में कार्यरत 6,004 श्रमिकों की सुरक्षा, संरक्षा एवं कुशलक्षेम की कार्यवाही की जा सके। बयान के मुताबिक उत्तर प्रदेश शासन इजराइल स्थित भारतीय दूतावास के साथ सतत संपर्क में है। प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन, डॉ. एम० के० शन्मुगा सुन्दरम् द्वारा इजराइल में भारत के राजदूत, जे०पी० सिंह से दूरभाष पर वार्ता की गयी। राजदूत ने अवगत कराया कि स्थिति नियंत्रण में है।

