UP का बड़ा ड्रग माफिया भगोड़ा घोषित: दुबई में छिपा है 50 हजार का इनामी Shubham Jaiswal, 28 करोड़ की संपत्ति जब्त

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 11:53 AM (IST)

Varanasi News: उत्तर प्रदेश में नशीले कफ सिरप के काले कारोबार के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। वाराणसी की अदालत ने 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी शुभम को भगोड़ा घोषित कर दिया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दुबई भाग गया है, जिसके बाद अब उसे भारत वापस लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अदालत की चेतावनी को किया नजरअंदाज
वाराणसी पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमे के तहत शुभम को 30 मार्च 2026 तक कोर्ट में पेश होने का आखिरी मौका दिया गया था। इससे पहले पुलिस ने उसके घर पर नोटिस चस्पा किया और ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर उसे आत्मसमर्पण करने को कहा था। इसके बावजूद वह पेश नहीं हुआ, जिसके बाद कोर्ट ने उसे आधिकारिक रूप से भगोड़ा घोषित कर दिया।

करोड़ों का साम्राज्य मिट्टी में मिला
पुलिस ने इस नशीले सिंडिकेट की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। शुभम और उसके पिता भोला जायसवाल की अब तक करीब 28 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। जांच के दौरान गिरोह के 13 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है।गिरोह के अन्य सदस्यों विकास सिंह, प्रतीक और प्रशांत की संपत्तियों को भी कुर्क करने के लिए 18 अप्रैल 2026 को कोर्ट में सुनवाई होगी।

दुबई से वतन वापसी का प्लान
एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शुभम जायसवाल नशीले कफ सिरप सप्लाई करने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का मुख्य सदस्य है। चूंकि उसके दुबई में होने की पक्की आशंका है, इसलिए पुलिस अब प्रत्यर्पण संधि या इंटरपोल की मदद से उसे सलाखों के पीछे लाने की रणनीति पर काम कर रही है। जल्द ही उसके खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी।

एक और आरोपी लड्डू पर भी शिकंजा
इसी केस से जुड़े 25 हजार के इनामी प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू की मुश्किलें भी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 82 की कार्रवाई शुरू कर दी है। यदि वह भी समय रहते पेश नहीं हुआ, तो उसकी संपत्ति भी कुर्क कर दी जाएगी और उसे भी भगोड़ा घोषित किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static