Moradabad में कुदरत का कहर: आंधी से गिरी दीवार, मलबे में दबकर दंपत्ति की मौत... अनाथ हुए 8 बच्चे
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 02:54 PM (IST)
Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में आंधी-तूफान के दौरान पड़ोसी की दीवार गिरने से दंपत्ति की मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मूंढापांडे थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव में बीती देर रात इदरीस (42) अपनी पत्नी फातिमा (40) और परिवार के साथ आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी और तूफान के चलते पड़ोसी की दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दंपत्ति को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि मृतक दंपत्ति के 6 बेटे और 2 बेटियां हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग भी घटना से गहरे सदमे में हैं। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है।

