पावर स्टार पवन सिंह के नाम पर 14 लाख का फ्रॉड! आर्टिस्ट को आखिर किसने ठगा ? 4 के खिलाफ केस दर्ज..... पूरा मामला उड़ा देगा होश

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 06:11 PM (IST)

आजमगढ़ (शुभम सिंह) : आजमगढ़ जिले में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक व अभिनेता पवन सिंह के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि बड़े म्यूजिकल शो में पवन सिंह को बुलाने का झांसा देकर एक कलाकार से मोटी रकम ऐंठ ली गई। अतरौलिया पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, अमेठी जिले के गाजनपुर गांव निवासी दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर पेशे से म्यूजिक कलाकार हैं। वह लखनऊ में रहकर क्लब, रेस्टोरेंट और विभिन्न कार्यक्रमों में गिटार बजाने के साथ म्यूजिकल बैंड शो आयोजित करते हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात मोहम्मद खर्शीद अहमद और टीना नामक व्यक्तियों से हुई। बातचीत के दौरान बड़े स्तर का म्यूजिक शो आयोजित करने की योजना बनी, जिसमें भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को मुख्य आकर्षण के रूप में बुलाने की बात तय हुई।

आरोपियों ने पवन सिंह से सीधा संपर्क का किया दावा
दिव्यांश ने इस संबंध में अपने परिचित निहाल सिंह से संपर्क किया। आरोप है कि निहाल ने अपने पड़ोसी निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह का हवाला देते हुए दावा किया कि उनका पवन सिंह से सीधा संपर्क है और वे आसानी से कार्यक्रम की बुकिंग करवा देंगे। आरोपियों ने पूरे शो का खर्च करीब 14 लाख रुपये बताया और 31 दिसंबर 2024 की तारीख तय कर दी।

मैनेजर ने किया दावे से इनकार  
पीड़ित का आरोप है कि भरोसा दिलाने के बाद आरोपियों ने एडवांस के रूप में नौ लाख रुपये निहाल सिंह की मां के बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके अलावा प्रचार-प्रसार, टेंट, मंच और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर करीब पांच लाख एक हजार रुपये और ले लिए गए। कुछ समय बाद जब दिव्यांश ने पवन सिंह की टीम से संपर्क किया तो उनके मैनेजर ने ऐसे किसी भी कार्यक्रम या बुकिंग से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए, जिससे ठगी की आशंका और पुख्ता हो गई।

पीड़ित ने SSP से की शिकायत 
दिव्यांश सिंह ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत के आधार पर अतरौलिया थाने में निहाल सिंह, निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 
अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि पवन सिंह के कार्यक्रम के नाम पर 14 लाख रुपये लिए जाने की शिकायत मिली है, जबकि उनकी कोई आधिकारिक बुकिंग नहीं कराई गई थी। मामले में चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static