Akhilesh Yadav का बड़ा हमला- ''151 अंबेडकर मूर्तियां तोड़ी गईं, BJP राज में सिर्फ 14 गिरफ्तारियां''

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 07:31 AM (IST)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में उत्तर प्रदेश के 72 जिलों में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की 151 मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया गया लेकिन अब तक इन मामलों में केवल 14 गिरफ्तारियां ही हुई हैं। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यह तोड़फोड़ जानबूझकर की गई क्योंकि भाजपा संविधान बदलना चाहती थी लेकिन ऐसा कर नहीं सकी। भाजपा ने इस पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

यादव ने लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पर संवाददाताओं से कहा कि भाजपा राज में बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की मूर्तियों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया गया है। भाजपा सरकार के तहत 72 जिलों में 151 से ज्यादा मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया गया या तोड़ा-फोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि यह जानबूझकर किया गया क्योंकि वे संविधान बदलना चाहते थे लेकिन ऐसा नहीं कर पाए। इसीलिए जब भी भाजपा और उसकी विचारधारा वाले लोग हमला करते हैं, तो वे सबसे पहले संविधान की प्रति को निशाना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, हम 151 मामलों का रिकॉर्ड जुटा पाए हैं। अगर हम औसत निकालें, तो इस सरकार के शासनकाल में हर साल 15 से ज्यादा मूर्तियां क्षतिग्रस्त की गई हैं। हो सकता है कि कुछ मामले ऐसे भी हों जिनका रिकॉर्ड न हो और जिनकी गिनती न की गई हो।

ये भी पढ़ें:- UP में देर रात बड़ा प्रशासनिक धमाका: 10 सीनियर IAS अफसरों के बदले विभाग, पढ़ें पूरी लिस्ट

यादव ने सरकारी आंकड़ों को आधार बताते हुए दावा किया कि आंबेडकर प्रतिमाओं को खंडित किए जाने के केवल 14 मामलों में ही गिरफ्तारियां हुई हैं और 45 मामलों में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए, 8 मामलों में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई और 84 मामलों में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार न तो आंबेडकर का सम्मान करती है न ही उनकी मूर्तियों का और न ही उनके लोगों का। बाद में, सपा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जिलेवार ब्योरा पोस्ट किया और कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में आंबेडकर की 46 मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया गया था जबकि दूसरे कार्यकाल में 105 मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया गया।

सपा प्रमुख ने भाजपा की सनातन धर्म की विचारधारा का जिक्र करते हुए कहा कि सच्चाई का रास्ता सनातन है, प्यार का रास्ता सनातन है, भाईचारे का रास्ता सनातन है और ईमानदारी का रास्ता सनातन है। भगवान श्री राम को चढ़ाए गए चढ़ावे की चोरी न होने देना... यही सनातन का रास्ता है। भगवान श्री राम को दिए गए दान की चोरी रोकना सनातन का रास्ता है। हत्या की साजिश रचना सनातन का रास्ता नहीं हो सकता। झूठे आरोप गढ़ना सनातन का रास्ता नहीं हो सकता। यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में परीक्षा के सबसे ज्यादा संख्या में पेपर लीक हुए। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकारी नौकरी देने की जरूरत से बचने के लिए ऐसा किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बार-बार न सिर्फ लोगों को दुख पहुंचाया है बल्कि उत्तर प्रदेश का माहौल खराब करने के लिए भी सक्रिय रूप से काम किया है।

ये भी पढ़ें:- पेंशन और मोबाइल के विवाद में बेटे-पोते को लगाई आग, फिर महिला ने ली खुद की जान

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि यह सरकार न्याय दिलाने में नाकाम रही है, एक ऐसी सरकार जिसके अपने मंत्रियों को धरने पर बैठना पड़ रहा है। जरा सोचिए, इलाज और न्याय पाने के लिए या यहां तक कि पोस्टमार्टम करवाने के लिए भी विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। यह इस सरकार की हालत है। यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सिर्फ कंटेंट क्रिएटर्स को नौकरियां दे रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static