बोर्ड परीक्षा देने जा रहे 3 छात्रों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, मौके पर तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 03:26 PM (IST)

रामपुर (रवि शंकर) : उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की कोतवाली टाण्डा क्षेत्र की चौकी दढ़ियाल से हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे चार छात्रों की बाइक सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में तीन छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल है। घायल छात्र का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में कोहराम मचा हुआ है।

बताया जा रहा है कि थाना टांडा क्षेत्र में परीक्षा देने जा रहे चार छात्र बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने चल रहे ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राली में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना टांडा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। घायल छात्र को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे में जान गंवाने वाले छात्र अरुण, विनय और मनु बताए जा रहे हैं। अरुण मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला था और फत्तावाला में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। वहीं विनय और मनु दड़ियाल के रहने वाले थे। दोनों पड़ोसी और किसान परिवार से ताल्लुक रखते थे। एक साथ पढ़ाई करने और परीक्षा देने निकले इन दोस्तों की जिंदगी एक ही झटके में खत्म हो गई। वही घायल छात्र का नाम बादल बताया जा रहा है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static