भीषण सड़क हादसे में 3 छात्रों की दर्दनाक मौत, एक बुरी तरह घायल; परीक्षा देने जा रहे थे सभी
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 02:52 PM (IST)
रामपुर: उत्तर प्रदेश में रामपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर टांडा क्षेत्र में सोमवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती किया।
हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे थे छात्र
पुलिस के अनुसार, हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे चार छात्र टांडा क्षेत्र से दढ़ियाल की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से आ रहे बाइक सवार छात्र ट्रॉली में जा भिड़े। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अरुण, विनय और मनु के रूप में हुई है।
घायल छात्र की हालत गंभीर
घायल छात्र बादल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। अरुण मूल रूप से मुरादाबाद का निवासी था और फत्तावाला में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था, जबकि विनय और मनु दढि़याल क्षेत्र के निवासी थे। घटनास्थल से पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है तथा ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

