ट्रांसफार्मर मरम्मत के दौरान करंट से संविदाकर्मी की मौ'त, अब हुआ बड़ा एक्शन... 5 अफसर सस्पेंड, लाइनमैन बर्खास्त
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 01:35 PM (IST)
गाजीपुर : उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान करंट लगने से एक संविदाकर्मी की मौत के मामले में विद्युत विभाग के पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि एक लाइनमैन को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक शंभु राय ने प्रथम दृष्टया जांच में अधिकारियों की लापरवाही सामने आने के बाद उनके निलंबन के आदेश दिए।
उन्होंने बताया कि घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सहायक अभियंता ए.के. सिंह, अवर अभियंता (जेई) सूर्यनाथ राम, स्टेशन अधिकारी नागेंद्र यादव, नरेंद्र और कृष्णकांत यादव को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, लाइनमैन प्रभुनारायण राम को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह घटना चार जुलाई को गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के अहलादपुर गांव में हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि संविदाकर्मी धर्मेंद्र यादव नवादा फीडर के अंतर्गत एक ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे थे।
वह बिजली के खंभे पर चढ़कर काम कर रहे थे, तभी गलती से विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे उन्हें करंट लगा और उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने 1.30 लाख रुपये एकत्र कर मृतक के पिता को तत्काल आर्थिक सहायता के रूप में सौंपे। अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों को यूपीपीसीएल दुर्घटना बीमा योजना के तहत शीघ्र ही 10 लाख रुपये की सहायता राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, उनके सभी लंबित बकाया राशि का भी जल्द भुगतान किया जाएगा।

