मुरादाबाद में जेल ब्रेक: आधी रात 3 बजे ताला तोड़ छत से कूदे 5 बंदी; सिपाही और होमगार्ड समेत 11 पर FIR, मचा हड़कंप!

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 03:39 PM (IST)

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए राजकीय किशोर संप्रेक्षण गृह (बाल सुधार गृह) से पांच किशोर बंदी फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। रविवार की देर रात करीब 2:55 बजे हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिल्मी स्टाइल में भागे बंदी
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के फकीरपुरा स्थित इस सुधार गृह में रविवार रात सब कुछ शांत था, तभी अचानक पांच किशोरों ने अपने कमरे का ताला तोड़ दिया। ताला तोड़ने के बाद वे चुपके से छत पर चढ़े और वहां से ऊंची दीवार फांदकर बाहर कूद गए। जब तक सुरक्षाकर्मियों को भनक लगती, किशोर अंधेरे का फायदा उठाकर आंखों से ओझल हो चुके थे।

इन जिलों के रहने वाले हैं फरार किशोर
पुलिस के मुताबिक, फरार होने वाले पांचों किशोर अलग-अलग इलाकों के हैं। इनमें अमरोहा (धनौरा) के दो, मुरादाबाद (ठाकुरद्वारा) का एक और उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के दो किशोर शामिल हैं। इन सभी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस और कर्मचारियों पर गिरी गाज
इस बड़ी लापरवाही को देखते हुए प्रभारी अधीक्षक मुकेश कुमार चौधरी ने सख्त रुख अपनाया है। सिविल लाइंस थाने में 5 फरार किशोरों के अलावा ड्यूटी पर तैनात 1 सिपाही, 3 होमगार्ड और 2 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कुल 11 लोगों को इस मामले में नामजद किया गया है।

सर्च ऑपरेशन तेज
पुलिस अब आसपास के इलाकों और सुधार गृह के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या किशोरों को बाहर से किसी ने मदद पहुंचाई थी। मुरादाबाद के साथ-साथ पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी अलर्ट पर रखा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static