दर्द से कराहती महिला ने गेट पर दिया बच्चे को जन्म, महिलाओं ने चादर की आड़ की कराया प्रसव
punjabkesari.in Monday, Aug 19, 2019 - 04:39 PM (IST)

बहराइचः उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह धवस्थ हैं। इसकी ताजा बानगी बहराइच में देखने को मिली है। जहां दर्द से कराहती एक गर्भवती महिला ने जिला अस्पताल के गेट पर बच्चे को जन्म दे दिया। वहीं आस-पास खड़ी महिलाओं व अन्य तीमारदारों ने चादर तानकर प्रसव कराया।
दरअसल, रामगांव थाना अंतर्ग मेटुकहा गांव निवासी बृजेश की पत्नी रामकली (27) को शनिवार रात अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। जिसके बाद परिवार के लोग रामकली को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां अस्पताल के गेट पर ही महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। तभी तीमारदारों व महिलाओं ने चादर तानकर प्रसव कराया। महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। जिसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अस्पताल के कर्मचारी गेट पर पहुंचे। उन्होंने महिला और उसके बच्चे को भर्ती किया और इलाज शुरू किया। जिसके बाद महिला को छुट्टी भी दे दी गई।
इस मामले में सीएमएस डॉक्टर डीके सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि गेट पर महिला के प्रसव होने की जानकारी मिली है। कर्मचारियों की लापरवाही नहीं है। फिर भी महिला डॉक्टर राबिया से रिपोर्ट तलब की गई है।