यूपी के इस जिले में तेंदुए ने दी दस्तक; आंगन में खेल रहे मासूम को बनाया शिकार

punjabkesari.in Saturday, Mar 22, 2025 - 09:50 AM (IST)

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक बार फिर से तेंदुए ने दस्तक दे दी है। तेंदुए ने एक मासूम बच्चे को अपना शिकार बनाया है। दरअसल, शुक्रवार शाम को एक मासूम अपने घर के आंगन में खेल रहा था। तेंदुआ घर में घुसकर उस बच्चे को उठाकर ले गया और उसे अपना निवाला बना लिया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में दहशत का माहौल है। 

बच्चे को उठाकर खेत की और भागा तेंदुआ 
यह मामला बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली वनरेंज के भैंसाही गांव की है। गांव के निवासी के पांच साल का बालक विक्की शाम को घर के आंगन में खेल रहा था। उसकी मां और घर के अन्य लोग काम में व्यस्त थे। बच्चा खेल रहा था कि तभी तेंदुए ने दस्तक दे दी। बच्चे को देखकर तेंदुआ घर में घुस गया और उसे उठाकर ले गया। बच्चे की चीखें सुन परिजनों को जब तक तेंदुए के हमले का पता लगा, उतनी देर में तेंदुआ बच्चे को गले से दबोच कर खेतों की ओर भाग गया।

गांव में फैली दहशत 
इस घटना के बाद परिजन तेंदुए के पीछे भागे। जानकारी होने पर ग्रामीण भी पीछे भागे और हांका लगाया। परिजनों के शोर मचाने और पीछा करने पर तेंदुआ विक्की को गांव किनारे बाग में छोड़कर भाग गया। लेकिन, हमले की वजह से बच्चे के चेहरे और गले पर गंभीर घाव होने से उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static