लव स्टोरी बना हाई-वोल्टेज ड्रामा, युवती ने वीडियो वायरल कर मायके वालों को दिया सख्त संदेश
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 04:12 PM (IST)
ललितपुर: जिले में एक कथित लव स्टोरी ने अब हाई-वोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया है। 13 फरवरी को लापता हुई युवती हिमांशी सेंगर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। वायरल वीडियो में युवती खुद को हिमांशी बताते हुए कहती है कि उसने अपनी मर्जी से राहुल यादव नाम के युवक से शादी की है और उसकी उम्र 20 वर्ष है। वीडियो में वह दावा करती है कि वह सुरक्षित है और अपने पति के साथ रह रही है।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उसके ससुराल पक्ष को झूठे मामलों में फंसाने और परेशान करने की कोशिश कर रही है। उसने कहा कि उसकी सास गर्भवती हैं और परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है। वीडियो में युवती ने भावुक अंदाज में कहा कि यदि उसे या उसके ससुराल वालों को कोई नुकसान होता है तो इसके लिए उसका मायका पक्ष, पुलिस और कुछ रिश्तेदार जिम्मेदार होंगे।
इस बीच, युवती के लापता होने के बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे प्रकरण की सत्यता की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि युवती की उम्र, विवाह की कानूनी स्थिति और वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि की जा रही है। मामले ने सोशल मीडिया पर भी तूल पकड़ लिया है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

