IAS अधिकारी के मकान पर चल रहा था देह व्यापार का धंधा; आपत्तिजनक हालत में मिले 4 युवतियां और 5 युवक

punjabkesari.in Monday, Jan 05, 2026 - 09:48 AM (IST)

प्रयागराज: संगम क्षेत्र में इन दिनों माघ मेला चल रहा है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु स्नान और पूजा के लिए पहुंच रहे हैं। इसी बीच शहर के कीडगंज इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किराए के मकान में अवैध देह व्यापार चल रहा था। रविवार दोपहर स्थानीय लोगों ने कीडगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह को इस बारे में सूचना दी। पुलिस जब मकान पर पहुंची तो अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। कमरों में 4 महिलाएं और 5 पुरुष आपत्तिजनक हालत में मिले। मौके से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया।

जानिए कब से चल रहा था ये धंधा 
पुलिस सभी 4 महिलाओं, 5 पुरुषों और एक रैकेट संचालक को गिरफ्तार कर थाने ले गई। कार्रवाई के दौरान मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बताया कि कीडगंज थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में देह व्यापार चलने की सूचना मिली थी। एसीपी और इंस्पेक्टर की टीम ने छापा मारा। मौके से 5 पुरुष और 4 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार पुरुष प्रयागराज के रहने वाले हैं। महिलाओं में दो प्रयागराज, एक वाराणसी और एक पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह धंधा पिछले तीन महीनों से चल रहा था।

IAS अधिकारी का था मकान 
जानकारी के अनुसार, यह मकान आईएएस अधिकारी वंदना त्रिपाठी का है। इसे सर्वेश नाम के व्यक्ति ने परिवार के साथ रहने के लिए किराए पर लिया था। बाद में उसने परिवार को कहीं और भेज दिया और इसी मकान में अवैध गतिविधियां शुरू कर दीं। मोहल्ले के लोगों को काफी समय से शक था, लेकिन पुख्ता जानकारी मिलने पर रविवार को पुलिस को सूचना दी गई। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static