Road Accident: दो बाइकों में जोरदार टक्कर, 3 युवकों ने तड़प-तड़प कर तोड़ा दम; 2 की हालत नाजुक
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 11:14 AM (IST)
बांदा: यूपी के फतेहपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती किया।
घायलों का इलाज जारी
जानकारी के मुताबिक, सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ईंट भट्टे के पास बुधवार शाम करीब सात बजे दो मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत में उन पर सवार अरविंद (23), दुर्गेश (30) और कमलेश (45) की मृत्यु हो गई, जबकि रामू (33) और मोतीलाल (40) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
पांचों युवकों ने नहीं पहना था हेलमेट
पुलिस ने बताया कि हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मवई गांव पतारा निवासी रामू, अपने भतीजे अरविंद के साथ मोटरसाइकिल से खागा कोतवाली क्षेत्र के कल्लनपुर गांव शादी में जा रहे थे, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल से सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के तौरा गांव निवासी दुर्गेश, भैरवां कलां निवासी कमलेश और मोहम्मदपुर गौंती निवासी मोतीलाल हथगाम थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। मृत तीनों लोगों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार पांचों युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।

