रेस्टोरेंट में बैठकर मंदिर का पुजारी खा रहा था नॉनवेज! नाराज भक्तों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, बोले- आस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 02:30 PM (IST)
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मंदिर के पुजारी की कथित तौर पर नॉनवेज खाते हुए फोटो वायरल होने के बाद बवाल हो गया। गुस्साए लोगों की भीड़ मंदिर पहुंच गई और पुजारी को दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। घटना रावतपुर क्षेत्र के भूतेश्वर मंदिर की बताई जा रही है। रविवार देर रात करीब 50 से 60 लोग मंदिर परिसर में पहुंचे और पुजारी पर हमला कर दिया।
फोटो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि मंदिर के पुजारी और महंत प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित मंदिर परिसर में बने कमरे में ही रहते हैं। दो दिन पहले सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें उन्हें कथित तौर पर नॉनवेज खाते हुए दिखाया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि फोटो असली है या एडिट की गई है। तस्वीर सामने आने के बाद कुछ लोगों ने पुजारी पर धार्मिक आस्था से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और उन्हें मंदिर से हटाने की मांग करने लगे।
देर रात मंदिर में दिखने पर हुआ हमला
रविवार देर रात जब पुजारी मंदिर परिसर में दिखाई दिए तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने उन्हें कमरे से बाहर खींच लिया और दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट करने लगी। बाद में उन्हें जमीन पर गिराकर भी पीटा गया।
महिलाओं से भी की मारपीट
पुजारी को बचाने के लिए कुछ महिलाएं आगे आईं और उन्हें घेरकर बैठ गईं, लेकिन गुस्साई भीड़ ने महिलाओं को भी थप्पड़ मार दिए। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह पुजारी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। घायल पुजारी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उन्हें बदनाम करने के लिए फोटो को एडिट कर वायरल किया गया है और कुछ लोग उन्हें मंदिर से हटाने की साजिश कर रहे हैं। कमलेश राय ने बताया कि पीड़ित को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

