खेत में साग तोड़ रही महिला पर बाघ ने किया हमला, बुरी तरह घायल...दहशत में लोग
punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 04:28 PM (IST)
बहराइच: उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र में स्थित गांव लोधनपुरवा में सोमवार को बाघ के हमले में एक महिला घायल हो गई। लोधनपुरवा गांव निवासी सुशीला (35) अपने परिजनों के साथ खेत में साग तोड़ रही थी। इस दौरान, जंगल से निकले बाघ ने अचानक महिला पर हमला कर दिया। हमले के समय पास में मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। इसी शोर के चलते बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
बुरी तरह घायल हुई महिला
सुशीला के परिजनों ने तुरंत घटना की सूचना वन विभाग को दी और घायल महिला को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय अस्पताल में प्राप्त प्राथमिक उपचार के बाद, महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टर्स ने महिला को भर्ती कर उसका इलाज शुरू किया। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर आशीष वर्मा ने बताया कि घायल महिला के सिर और कान पर गंभीर जख्म हैं, जिनका समुचित उपचार किया जा रहा है।
लोगों को सतर्क रहने की अपील
जिला वनाधिकारी सूरज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही एक टीम मौके पर भेजी गई है, जो बाघ के पगचिह्नों की जांच कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है, खासकर उन इलाकों में जहां जंगली जानवरों के हमले बढ़ते जा रहे हैं। गौरतलब है कि बहराइच और आसपास के क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिसमें भेड़िया, तेंदुआ, और बाघ शामिल हैं। इस प्रकार की घटनाओं ने स्थानीय समुदाय में चिंता बढ़ा दी है और प्रशासन को इन पर सख्त नजर रखने की आवश्यकता है।

