DCM चालक ''सोनेलाल'' की ह*त्या कर श''व गड्ढे में फेंका, पुलिस का तगड़ा एक्शन, ह/त्याकांड के आरोपी का 2 दिन में एनकाउंटर
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 01:31 PM (IST)
फरुर्खाबाद : उत्तर प्रदेश के फरुर्खाबाद जिले में कमालगंज थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान सोनेलाल हत्याकांड के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कारर्वाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुरैना निवासी डीसीएम चालक सोनेलाल (30) का शव सोमवार को फरुर्खाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र में मोहम्मदपुर मड़ैयन घाट पुल के पास एक गड्ढे से बरामद हुआ था।
मृतक के पिता सुरेश ने सात जुलाई को कमालगंज थाने में दर्ज कराई गई तहरीर में आरोप लगाया था कि थाना क्षेत्र के ग्राम कल्लू नगला निवासी सगे भाई अवधेश और वीनेश ने एक महिला से फोन पर बातचीत को लेकर रंजिश के चलते सोनेलाल की हत्या कर शव को फेंक दिया। मामले के खुलासे के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भोजपुर गांव के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार की घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कारर्वाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वीनेश बताते हुए सोनेलाल की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, कुछ जीवित कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

