विपक्ष के मंसूबों को नाकाम करने के लिये कार्यकर्ताओं को जुटना होगा: सिंह

punjabkesari.in Saturday, Jan 25, 2020 - 10:21 AM (IST)

लखनऊ- उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विपक्ष द्वारा देश में फैलाये गये भ्रम, झूठ और अस्थिरता के वातावरण के खात्मे के लिये पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने राष्ट्रीय दायित्वों के साथ जन-जागरण के कार्य में जुटना होगा। पार्टी दफ्तर पर शुक्रवार को आयोजित बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों एवं नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुये सिंह ने कहा कि पराक्रम की पराकाष्ठा पार करने वाले कार्यकर्ताओं के बल पर ही पाटर्ी का अस्तित्व टिका हुआ है।      

 उन्होने कहा ‘‘संगठनात्मक कार्यो के साथ ही हमें राष्ट्रीय एवं सामाजिक सरोकारों से खुद को जोड़े रखना है। यह लड़ाई सत्य और असत्य, धर्म और अधर्म तथा प्रकाश और अंधकार के बीच है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सत्य के लिए डटेगा और देश में विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे असत्य, अधर्म व अंधकार का अंत करते हुए माँ भारती को परम वैभव तक पहुंचाने का काम करेंगा।''      

 प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का स्वाभिमान अक्षुण्य रहे यह सभी की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों का क्रियान्वयन धरातल पर सुनिश्चित करना भी सभी का गुरूतर दायित्व है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने कहा कि जिन जिलों में मण्डल या बूथ की संरचना अभी पूर्ण नहीं हुई है, आगामी दो सप्ताह में प्रक्रिया पूर्ण करते हुए मण्डलों व बूथों की कार्यकारिणी गठित करने का काम पूरा किया जाये। इसके साथ ही सभी जिलों में जिला कार्यकारिणी गठित की जाये तथा यह सुनिश्चित किया जाये कि कार्यकारिणी में सभी वर्गो का प्रतिनिधित्व रहे। 

बंसल ने कहा कि आगामी 28 जनवरी से 10 फरवरी तक सीएए की वास्तविकता को लेकर पार्टी एक बार फिर जनता के दरबार में पहुंचेगी। इसके लिए 28, 29 व 30 जनवरी को जिला व मण्डल स्तर पर बैठकें आयोजित की जायेगी। पार्टी पंण्डित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि सेक्टर स्तर पर मनाएगी। बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, सलिल विश्नोई व विजय बहादुर पाठक उपस्थित रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static