अलीगढ़ के बाद अब फिरोजाबाद का नाम बदलकर चंद्रनगर रखने की तैयारी, नगर निगम ने दी मंजूरी
punjabkesari.in Monday, Dec 04, 2023 - 02:58 AM (IST)

Firozabad News, (अरशद अली): अभी अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने की चर्चा चल ही रही है कि इसी बीच देश में कांच की नगरी और सुहाग नगरी के नाम से पहचान रखने वाले जनपद फिरोजाबाद के नाम बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला पंचायत और नगर निगम ने फिरोजाबाद का नाम बदलकर चंद्रनगर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब यह प्रस्ताव शासन को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
आज भी चंद्रवार गांव स्थित
फिरोजाबाद गजेटियर के मुताबिक पहले इस शहर का नाम चंद्रावर ही हुआ करता था। सन 1566 में अकबर के शासन में अकबर के ही मनसबदार फिरोजशाह ने फिरोज चंद्रनगर के स्थान पर इस शहर का नाम फिरोजाबाद रखा था। यहां आज भी चंद्रवार गांव स्थित है जो शहर से लगभग 12 किलोमीटर दूर दक्षिण दिशा में यमुना नदी के किनारे स्थित है। यहां पर प्राचीन और खण्डहर मकान और खंडहर हो चुका किला आज भी मौजूद है। जब यह चंद्रवार खुशहाल गांव था तब यहां राजा चंद्रसेन राज्य करते थे। उनके समय के कई जैन मंदिर भी यहां स्थित है। इस गांव को जाने वाली जो सड़क है उसकी शुरुआत भी चंद्रवार गेट के नाम से ही होती है।
राजा चंद्रसेन के शासन काल में मोहम्मद गोरी ने किया था आक्रमण
राजा चंद्रसेन के शासन काल में मोहम्मद गोरी ने यहां आक्रमण किया था तभी से यहां का गौरव नष्ट हो गया था। काफी समय से मांग उठ रही थी कि सरकार फिरोजाबाद का नाम बदलकर फिर से चंद्र नगर कर दे। इस संबंध में अगस्त 2021 में जिला पंचायत में एक प्रस्ताव पारित हुआ था जिसमें फिरोजाबाद का नाम बदलकर चंद्र नगर किए जाने के निर्णय पर मुहर लगाते हुए पारित प्रस्ताव को मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया था जो शासन में लंबित है।
इस प्रस्ताव को ब्लाक प्रमुख सदर लक्ष्मी नारायण यादव ने रखा था। गुरुवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में भी फिरोजाबाद का नाम बदलकर चंद्रनगर किए जाने का प्रस्ताव पास किया गया। नाम परिवर्तन के मुद्दे पर 12 सदस्यों की कार्यकारिणी में से 11 सदस्य इस प्रस्ताव के पक्ष में रहे। महापौर कामिनी राठौर ने कहा है कि नगर निगम की कार्यकारिणी में फिरोजाबाद को चंद्र नगर किये जाने का प्रस्ताव पास हुआ है। यह प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।