मानसून की दस्तक के बाद UP में शुरू हुआ बारिश का सिलसिला, आज कई जिलों में भारी बरसात और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी

punjabkesari.in Friday, Jun 20, 2025 - 08:49 AM (IST)

Monsoon in UP: यूपी में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने वाली है। मानसून की दस्तक के बाद प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मानसून की दस्तक के साथ ही सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर आदि सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अब बारिश का ये दायरा धीरे- धीरे तराई, मध्य और पश्चिमी इलाकों तक बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। आज कई जिलों में भारी बारिश होगी। 

जानिए आज का मौसम 
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सामान्य समय से पांच दिन की देरी से बुधवार को दस्तक दी। अधिकारियों ने बताया कि सामान्य तौर पर राज्य में मानसून का आगमन 13 जून को होता है। लेकिन, इस बार पांच दिन की देरी से मानसून आया है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को प्रदेश में बारिश के क्षेत्रफल और तीव्रता में और बढ़ोतरी आएगी। आज कई जिलों में बारिश होने की संभावना है और कई जिलों में वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी है। 

इन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, आज यूपी के कई जिलों में भारी बारिश होगी। बुंदेलखंड के बांदा, झांसी, ललितपुर समेत कुल 12 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और वहीं, 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने 55 जिलों में गरज चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी है। साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। बारिश और हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 

इस दिन होगा पूरे राज्य में एक्टिव 
आईएमडी के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा, ‘‘वर्तमान में पश्चिम बंगाल के गंगा तट के पास स्थित एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के आने वाले दिनों में पश्चिम-उत्तरपश्चिमी दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली से 19 जून से उत्तर प्रदेश में बारिश में उल्लेखनीय वृद्धि होने का अनुमान है।'' सिंह ने कहा, ‘‘19 से 22 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में बूंदाबांदी से लेकर बेहद भारी बारिश की प्रबल संभावना है।'' पूर्वानुमान के अनुसार, 30 जून तक मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा। 

लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह 
राज्य में मानसून की दस्तक से बुधवार को शुष्क और गर्म मौसम से कुछ राहत मिली। इस बीच, राज्य सरकार ने निवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है क्योंकि मानसून के आगमन के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। मौसम विभाग ने भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के कारण जर्जर इमारतों, कच्चे घरों और झोपड़ियों को संभावित नुकसान की चेतावनी दी है। राहत विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिला प्रशासन को मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर तैयारी और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static