आगराः ताजमहल के पास बेसमेंट खुदवाने का चल रहा है अवैध निर्माण कार्य, 12 लोगों के घरों को आई दरारें, 300 लोगों की जान को खतरा
punjabkesari.in Thursday, Sep 08, 2022 - 05:48 PM (IST)

आगराः उत्तर प्रदेश के आगरा में बेसमेंट के लिए खोदाई कराने का काम जब से शुरू हुआ है, तब से ताजमहल के पास में रहने वाले लोगों की परेशानियां काफी बढ़ गई है। दरअसल, खुदाई के काम के चलते लोगों के घरों में दरारें पड़ रही है। जिससे करीब 300 लोगों की जान को खतरा है। ऐसे में लोगों को यह चिंता परेशान कर रही है कि अगर हमारे घरों में ज्यादा दरारें आ गई तो हमारे घर गिर जाएगे।
बता दें कि ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में निर्माण कार्य कराने या मरम्मत के लिए पुरातत्व विभाग समेत कई विभागों से अनुमति लेनी होती है, लेकिन हैरान करने वाली बात यह बात यह है कि, सपा पार्षद बिना अनुमति के यह निर्माण कार्य करवा रहे हैं। जहां निर्माण कार्य चल रहा है, वहां से ताजमहल की दूरी 500 मीटर से भी कम है। इसलिए, ताजमहल के पास मौजूद 12 से ज्यादा मकानों में दरारें आ गईं। ऐसे में मकानों के गिरने का खतरा बना हुआ है।
वहीं, इस निर्माण कार्य को लेकर लोगों का आरोप है कि वार्ड 98 के सपा पार्षद सुनील राठौर अवैध निर्माण करवा रहे हैं। उन्होंने अपने प्लाट के निर्माण को तुड़वाकर वहां बेसमेंट खुदवा दिया है। इसके चलते आसपास के मकानों के गिरने का खतरा मंडरा रहा है। पिछले हफ्ते नगर निगम ने तांगा स्टैंड पर सार्वजनिक शौचालय बनाया था। अनुमति न होने पर पुरातत्व विभाग की शिकायत की। इस पर शौचालय को बुलडोजर से ढहा दिया गया था।
मकान गिरने के डर से घरों में नहीं सो रहे लोग
स्थानीय निवासी कफील ने बताया कि यह जगह ताजगंज गढ़ैया के नाम से जानी जाती है। पार्षद ने पहले अपने निर्माण के लिए नाला चोक कर दिया। उससे घरों में सीलन आ गई और फिर बेसमेंट खुदवाया और मकानों में दरारें पड़ गईं। ज्यादातर मकान पुरखों के जमाने से किराए पर हैं। सभी गरीब रोज कमाने वाले लोग हैं। अब डर के कारण घरों में सोने से डर लग रहा है और बाहर सोना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी कफील ने बताया की पार्षद की दबंगई के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ताजगंज में बिना अनुमति ही होते है निर्माण कार्य
मामले में पार्षद सुनील राठौर से बातचीत की गई तो उनका कहना था कि पूरे ताजगंज में ऐसे ही बिना अनुमति निर्माण होते हैं। कभी कोई अनुमति नहीं ली जाती है। एसडीएम के अनुसार, शिकायत मिलने पर काम रुकवाया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।