100 दिनों का इंतजार, 5 हजार से अधिक कॉल ; कड़ी मशक्कत के बाद मिली एयर इंडिया अफसर की डॉगी, 50 हजार रखा था इनाम

punjabkesari.in Sunday, Feb 16, 2025 - 07:10 PM (IST)

आगरा: उत्तर प्रदेश के गुरुग्राम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के एयर इंडिया के अधिकारी दीपायन घोष अपनी पत्नी कस्तुरी के साथ 1 नवंबर को आगरा घूमने गए थे। दंपत्ति के साथ कई पालतू डॉग भी थे। इनमें एक हिमाचल प्रदेश की देसी ब्रीड वाली मादा डॉग ग्रेहाउंड भी थी। दंपत्ति फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज व्यू में ठहरा था। 3 नवंबर को वे फतेहपुरसीकरी के लिए निकल गए और अपने डॉग को होटल कर्मचारियों के सहारे छोड़ गए। जिसके लिए उन्होंने प्रति घंटे के हिसाब से 2 हजार रुपये भी होटल कर्मचारियों को दिए थे। लेकिन होटल कर्मचारी डॉग को सही से संभाल नहीं पाए। उनकी लापरवाही के कारण दंपत्ति की डॉगी गुम हो गई।

15 दिन तक आगरा में रुका दंपत्ति 
डॉग के गुम होने की खबर से दंपत्ति विचलित हो गया। डॉग को ढूंढ़ने के लिए दंपत्ति ताजनगरी की गलियों और सडक़ों की खाक छानता रहा। 2 दिन तक शहर की गलियों में खोजने के बाद भी जब उन्हें उनकी डॉग नहीं मिली तो उन्होंने थाना ताजगंज में केस दर्ज कराया। पुलिस ने डॉग के लापता होने की फोटो शहर भर में चस्पा करवा दी। साथ ही दंपत्ति ने डॉग को खोजने वाले को 50 हजार का इनाम देने का एलान भी करवा दिया। करीब 15 दिन तक अपनी डॉग ग्रेहाउंड को खोजने के बाद निराश होकर दंपत्ति अपने शहर लौट गया।

104 दिन बाद मिली डॉग 
डॉग के गुम होने के साढ़े 3 महीने के दौरान दंपत्ति को करीब 5 हजार से अधिक कॉल किए गए। कई वीडियो भेजे गए, मगर इस शनिवार को जो कॉल आई। वह दंपत्ति के लिए खुशी का संदेश थी। दंपत्ति को एक गाइड का फोन आया कि उनकी डॉग मिल गई है, तो उन्हें यकीन नहीं हुआ। जब वीडियो में देखा तो वह पहचान गए। इसके बाद आनन-फानन में दंपत्ति शाम छह बजे तक आगरा पहुंच गया। ताजमहल के पीछे मेहताब बाग की झाडिय़ों में उन्हें ग्रेहाउंड मिल गई। जिसे पाकर दंपत्ति की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दोनों ने आगरा पुलिस और यहां के लोगों की जमकर तारीफें की। दंपत्ती की पालतू डॉग ग्रेहाउंड उन्हें पूरे 104 दिन बाद मिली थी। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static