UP में रोजाना लिखी जा रही जंगलराज की नई इबारतः अजय कुमार लल्लू

punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2020 - 03:47 PM (IST)

आगराः यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि प्रदेश में रोजाना जंगलराज की नई इबारत लिखी जा रही है। बलिया में एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में हत्या हो गई। बेटियों के साथ हो रहे अपराधों में बढ़ावा हुआ हैं। प्रदेश में अपराधी व अफसर मस्त और जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि आगरा में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति उप चुनाव के बाद होगी। उप चुनाव में कांग्रेस सातों सीटों पर मजबूत स्थिति में है।

दरअसल, आगरा में छीपीटोला स्थित डॉ. आंबेडकर सामुदायिक भवन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने समीक्षा बैठक के बाद प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस निरंतर जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों पर संघर्ष कर रही है। बात चाहे किसान की हो, बेरोजगारी हो या कानून व्यवस्था, कांग्रेस आवाज उठा रही है। यही कारण है कि अभी तक 60 हजार गिरफ्तारियां की गईं। मैं खुद श्रमिकों के मुद्दे पर एक महीने तक जेल में रहा। प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं पर साढ़े सात हजार मुकदमे हो चुके हैं।

अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश की सात सीटों पर हो रहे उप चुनाव के बारे में कहा कि सभी सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी मैदान में हैं और अच्छी स्थिति में हैं। हमें जनता का आशीर्वाद मिलेगा। आगरा में जिलाध्यक्ष नियुक्ति के सवाल पर अजय कुमार लल्लू ने कहा कि जांच रिपोर्ट आ चुकी है। आरोपों के चलते जिलाध्यक्ष को निलंबित किया गया है। नए जिलाध्यक्ष के बारे में उप चुनाव के बाद फैसला कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि संगठन का पुनर्गठन ग्राम पंचायत स्तर तक किया जा रहा है। युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित सभी फ्रंटल संगठनों का गठन दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static