मैनपुरी उपचुनाव प्रचार के अंतिम दिन अखिलेश ने की डिंपल को जिताने की अपील

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2022 - 06:39 PM (IST)

मैनपुरी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को चुनाव प्रचार के अन्तिम दिन मैनपुरी लोकसभा के भोगांव के अलीपुर खेड़ा में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए पार्टी प्रत्याशी डिम्पल यादव को भारी मतों से चुनाव जिताने की अपील की। यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी बड़े अन्तर से मैनपुरी का लोकसभा चुनाव जीतेगी।

नेताजी मैनपुरी से लोकसभा चुनाव जीतकर ऊंचाईयों पर पहुंचे- अखिलेश 
उन्होंने कहा कि नेताजी मैनपुरी से लोकसभा चुनाव जीतकर ऊंचाईयों पर पहुंचे। नेताजी ने गांवों, गरीबों, किसानों के लिए काम किया। पहली बार मुख्यमंत्री बनने पर नेताजी ने किसानों का 10 हजार रुपये तक का कर्ज माफ किया। प्रदेश में पहली बार किसानों का कर्ज माफ हुआ था। नेताजी ने चुंगी व्यवस्था खत्म की। चुंगी व्यवस्था से किसानों, व्यापारियों को प्रताड़ित, अपमानित होना पड़ता था। सपा अध्यक्ष ने कहा कि रक्षा मंत्री बनने पर नेताजी ने शहीद जवानों को सम्मान दिलाया। शहीद जवानों का पार्थिव शरीर उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था करायी गयी और राजकीय सम्मान के साथ शहीदों को अंतिम संस्कार की व्यवस्था करायी थी।

'रूस के राष्ट्रपति ने प्रोटोकाल तोड़ नेताजी का स्वागत किया'
यादव ने कहा कि नेताजी ने ऐतिहासिक फैसले लिए। वह सुखोई विमान खरीदने जब रूस गए तो धोती कुर्ते में अपनी वेशभूषा में गए। रूस के राष्ट्रपति ने प्रोटोकाल तोड़ नेताजी का स्वागत किया। नेताजी ने हमेशा अपने गांव-गरीब के लिए संघर्ष किया। देश के सबसे अच्छे एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास के समय नेताजी ने कहा 24 महीने में बनाओ तब शिलान्यास करेंगे। समाजवादी सरकार ने 22 महीने में सड़क बनाने का काम किया। नेताजी शिलान्यास के समय ही उद्घाटन की तारीख तय कर देते थे। नेताजी ने उल्लेखनीय काम किए, महत्वपूर्ण फैसले लिए, नेताजी ने पूरा जीवन संघर्ष किया। देश की राजनीति को बदल दिया। गांव, गरीब, किसानों को राजनीति के केन्द्र में लाए।

यादव ने कहा समाजवादी सरकार में 108 एम्बुलेंस चलाई गई। गरीबों और मरीजों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की। गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। भाजपा सरकार ने एम्बुलेंस सेवा बर्बाद कर दिया। गरीबों को पुलिस की मदद आसानी से मिले इसके लिए डायल 100 सेवा शुरू की। यह व्यवस्था हम अमेरिका से लाए थे। भाजपा सरकार ने डायल 100 को 112 कर पुलिस का कबाड़ा कर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने डीजल-पेट्रोल, गैस सिलेण्डर सब महंगा कर दिया। नौजवानों को नौकरी नहीं मिली। ये जो अग्निवीर योजना है, यह अस्थायी नौकरी है। इसमें नौजवानों को चार साल बाद घर भेज दिया जाएगा। 

समाजवादी पार्टी इसके पक्ष में नहीं है। समाजवादी पार्टी सेना में नौजवानों के लिए पहले की तरह स्थायी नौकरी की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, चरम पर है। यह सरकार गरीबों, किसानों, नौजवानों की नहीं है। यह सभी सरकारी संस्थाओं का निजीकरण कर रही है। भाजपा देश को जिस रास्ते पर ले जा रही है वह ठीक नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को डीएपी नहीं मिल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों को खाद और डीएपी की कमी के बारे में नहीं बता रहे है। धान खरीद नहीं हो रही है। सरकार किसानों, गरीबों को बिजली का बढ़ा बिल भेजती है। बिल देखकर गरीबों को करंट लगता है।

इस सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई काम नहीं किया। सपा नेता ने कहा कि भोगांव की धरती क्रांतिकारियों और महापुरूषों की धरती है। यहां के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए थे। यहां के पंडित गेदालाल दीक्षित समेत, नवमी लाल पाण्डेय, राम प्रसाद बिस्मिल अन्य स्वतंत्रता सेनानियों का बहुत बड़ा योगदान था। समाजवादी लोग भोगांव के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। इस अवसर पर पूर्व सांसद सावित्री बाई फुले समेत अन्य नेता मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static