BJP सरकार पर बरसे अखिलेश, कहा- किसानों का उत्पीड़न कर सत्ता में टिकना मुश्किल

punjabkesari.in Saturday, Mar 06, 2021 - 12:11 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को यह जान लेना चाहिए कि किसानों का उत्पीड़न कर कोई सत्ता में नहीं टिक सकता।यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि तीन कृषि कानूनों की वापसी तक किसानों ने संघर्ष जारी रखने का एलान किया है। इस लड़ाई से भारत की मिट्टी का भविष्य जुड़ा है। किसान की मेहनत से ही लोगों को खाना मिलता है, जीवन चलता है। भाजपा सरकार ने अपने आंख-कान बंद कर रखे हैं। वे अन्नदाता की परेशानी नहीं देख पा रहे है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग खेती नहीं करते हैं। किसान का धान 900 से 1100 रूपये में लूट लिया गया। मक्का और आलू कैसे खरीदा जाएगा। एमएसपी कहां मिल रही है। एक समय ईस्ट इण्डिया कम्पनी व्यापार करने आई थी, वही सरकार बन गई, हम उसके गुलाम बन गए। भाजपा सरकार कम्पनी चलाएगी। काले कानूनों से किसान की खेती छिन जाएगी। उसको न्याय भी नहीं मिलेगा। उद्योगपतियों की मनमानी चलेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को मोबाईल में उलझा दिया हैं। सरकार की दोषपूर्ण नीतियों से नयी पीढ़ी का भविष्य असुरक्षित हो गया है। कृषि कानून खतरनाक कदम है। बिना खेती के कोई विश्वगुरू नहीं बन सकता। केन्द्र की भाजपा सरकार को यह जान लेना चाहिए कि किसानों का उत्पीड़न कर कोई सत्ता में नहीं टिक सकता। जनता परिवर्तन के लिए बस सन् 2022 के विधानसभा चुनावों का इंतजार बेसब्री से कर रही है। सबकी निगाहें सपा पर लगी हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static