अखिलेश ने BJP पर साधा निशाना, कहा- योगी सरकार में किसानों को सिर्फ धोखा मिला
punjabkesari.in Wednesday, Apr 12, 2023 - 10:30 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि भाजपा सरकार (BJP Government) में किसानों (Farmers) को सिर्फ धोखा मिल रहा है। यादव ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि बेमौसम बरसात (Unseasonal Rain) ओर ओलावृष्टि से प्रदेश भर में किसानों को गेंहू, सरसों, चना समेत अन्य फसलों का भारी नुकसान हुआ। गेंहू की पैदावार घटी साथ ही गुणवत्ता भी प्रभावित हुई। जिससे गेंहू खरीद में मुश्किल आ रही है। सरकार ने अभी तक बदले हालात में गेंहू खरीद को लेकर कोई दिशा-निर्देश नहीं जारी किया। किसान परेशान है। एक तरफ मौसम के कारण नुकसान दूसरी तरफ सरकार की अनदेखी से किसान दर-दर भटकने पर मजबूर है।
भाजपा सरकार हर कदम पर किसानों को धोखा दे रही
उन्होंने कहा कि बारिश, ओलावृष्टि और फसल नष्ट होने का सदमा किसान बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। सिर्फ बुन्देलखण्ड के जिलों में आधा दर्जन से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके हैं। भाजपा सरकार किसानों की मदद के बजाय कागजी खानापूर्ति और हवाई घोषणाएं कर झूठी दिलासा दे रही है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर कदम पर किसानों को धोखा दे रही है। सरकार ने पहले तो गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाया। फिर गन्ना किसानों का पूरा भुगतान नहीं कराया। आज भी गन्ना किसानों का हजारों करोड़ रूपया चीनी मिलों पर बकाया है। सरकार की उपेक्षा से गन्ना किसान संकट में है। आलू किसान भी बर्बाद हो गया। आलू किसानों को उनकी फसल की सही कीमत नहीं मिली। अब गेहूं किसान भटकने पर मजबूर है।
किसान अब भाजपा सरकार के धोखे को समझ चुका है
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से किसान कर्ज में डूबता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था लेकिन अब तो सरकार आय दोगुना करने का नाम भी नहीं लेती है। इस सरकार में महंगाई बढ़ने से किसानों की आय दोगुनी होने के बजाय उनका जीवन मुश्किल हो गया है। किसान अब भाजपा सरकार के धोखे को समझ चुका है। अब आने वाले समय में किसान एकजुट होकर भाजपा के झूठ का बदला लेगा।