‘डबल इंजन ही नहीं, डिब्बे भी टकरा रहे', बीच सड़क पर सरेआम आपस में भिड़े BJP के मंत्री और विधायक, अखिलेश यादव ने कसा तंज
punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2026 - 01:05 PM (IST)
महोबा : उत्तर प्रदेश में भाजपा के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सामने आई है। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के कार्यक्रम के दौरान चरखारी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने उनका रास्ता रोक दिया, जिससे पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, विधायक और लगभग 100 ग्राम प्रधानों के साथ आए थे और वे मंत्री से जल जीवन मिशन के तहत काम की धीमी प्रगति और सड़कों की हालात पर चर्चा करना चाहते थे। कई गांवों में घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है और सड़कें खोदकर अधूरी छोड़ दी गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक और मंत्री के बीच हुई तीखी नोकझोंक
मुलाकात के दौरान विधायक के समर्थकों और मंत्री के सुरक्षा कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई और झड़प की स्थिति पैदा हो गई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधायक और सभी ग्राम प्रधान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां प्रशासनिक स्तर पर बैठक के दौरान पानी और सड़क जैसी समस्याओं पर चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें : सगाई के बाद प्रेमी संग फरार हुई बहन, तलाश में निकले भाई की भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, शहनाई की गूंज मातम की चीखों में बदली!
अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि भाजपा के “डबल इंजन ही नहीं, डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं।” उनका कहना था कि मंत्री और विधायक जनता या विकास के काम में ध्यान नहीं दे रहे और एक-दूसरे पर दोष मढ़ रहे हैं।
महा समाचार : स्वतंत्र बने बंधक!
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 30, 2026
समाचार : भाजपा के विधायक बृजभूषण राजपूत ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों, गांवों में पेयजल संकट और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को लेकर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को बंधक बनाया।
विचार : हमने तो पहले ही कहा था कि भाजपा के ‘डबल इंजन’ ही नहीं डिब्बे भी… pic.twitter.com/XbHv5Dl1CM
कांग्रेस ने भी की टिप्पणी
कांग्रेस ने भी इस मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में यह घटनाक्रम भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन योजना का लाभ जमीन पर नहीं दिख रहा, सड़कों की खुदाई और पाइपलाइन में लीकेज जैसी समस्याएं वर्षों से बनी हुई हैं और विकास के दावे कागजों तक ही सीमित हैं।
यह भी पढ़ें : PT Usha पर टूटा दुखों का पहाड़! पति का अचानक हुआ निधन, घर में इस हालत में मिला शव, PM Modi ने फोन कर जताया शोक...
पार्टी में बढ़ती अंदरूनी कलह
भाजपा के भीतर बढ़ते विवादों की चर्चा पहले भी रही है। हाल ही में गोसाईगंज में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में जिला अध्यक्ष और नेताओं के बीच शांति भोज कार्यक्रम के दौरान झड़प हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके अलावा, अयोध्या से जुड़े स्थानीय मामलों ने भी संगठन में असंतोष उजागर किया है।
चरखारी का ताजा विवाद, गोसाईगंज की झड़प और अयोध्या के मामलों को जोड़कर देखा जा रहा है कि भाजपा के भीतर समन्वय की कमी लगातार सामने आ रही है। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर बातचीत जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

