अखिलेश यादव के पास कुछ कहने को नहीं बचाः OP राजभर
punjabkesari.in Saturday, Feb 08, 2025 - 11:19 AM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2025_2image_11_19_484039734unnamed.jpg)
Milkipur By Election Result: मिल्कीपुर उपचुनाव में मतगणना जारी है। अभी तक भाजपा आगे चल रही है और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार काफी पीछे चल रहे है। इसी बीच रुझानों पर ओम प्रकाश राजभर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि "अखिलेश यादव के पास कुछ कहने को नहीं बचा।''
'जनता मोदी के कामों पर विश्वास कर रही है'
ओम प्रकाश राजभर ने कहा, ''बहुत पहले कहा था, वहां की नब्ज टटोली थी। लोगों को विकास रूपी दूध चाहिए। विकास रूपी दुधारू गाय लेकर सरकार लड़ रही है। जनता दुधारू गाय को वोट दे रही है। उन्होंने आगे कहा कि, "अखिलेश यादव के पास कुछ कहने को नहीं बचा। देश की जनता मोदी पर विश्वास कर रही है। जनता मोदी के कामों पर विश्वास कर रही है।"
भाजपा निर्णायक जीत की ओर
मिल्कीपुर में दस राउंड की मतगणना पूरी हो गई है। भाजपा निर्णायक जीत की ओर है। दस राउंड पूरे होने के बाद भाजपा के प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान 28530 वोट से आगे चल रहे हैं। चंद्रभानु को 53,193 वोट मिले हैं। सपा के अजीत प्रसाद को 24588 मत प्राप्त हुए हैं।
5 फरवरी को हुई थी वोटिंग
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में बुधवार को कुल 3.71 लाख मतदाताओं में से 65 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जो 2022 के विधानसभा चुनावों में दर्ज मतदान से अधिक है। मिल्कीपुर उपचुनाव, समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है, क्योंकि यह सीट राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अयोध्या जिले का हिस्सा है। इस सीट पर कुल 10 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला सपा के अजीत प्रसाद और भाजपा के चंद्रभानु पासवान के बीच माना जा रहा है। मिल्कीपुर विधानसभा सीट, अवधेश प्रसाद के पिछले साल लोकसभा चुनाव में अयोध्या सीट से निर्वाचित होने के बाद विधानसभा से इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुई है।