संवेदनशील व्यवस्था बनाने के साथ ही दोषियों पर कार्रवाई भी जरूरी, मायावती ने दी सरकार को सलाह

punjabkesari.in Tuesday, Aug 13, 2024 - 03:43 PM (IST)

Mayawati On Doctor Murder Case: कोलकाता में डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया है और हड़ताल पर बैठे है। इस मामले पर बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। बसपा प्रमुख ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और शर्मनाक है। साथ ही उन्होंने कहा है कि संवेदनशील व्यवस्था बनाने के साथ ही दोषियों पर कार्रवाई भी जरूरी है।

 


'सभी को जागरूक व सतर्क रहने की जरूरत है'
बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ''सरकारी, गैर-सरकारी या जीवन के अन्य किसी भी क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान आदि से जुड़ा यह अति-महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दा है जिसको लेकर सभी को जागरूक व सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि बंगाल की लेडी डाक्टर जैसी अति-दुखद व शर्मनाक घटनाएं न होने पाएं।''

 


'दोषियों के खिलाफ सख़्त त्वरित कार्रवाई भी बहुत जरूरी'
मायावती ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि '' देश भर में होने वाली ऐसी जघन्य घटनाओं की रोकथाम के लिए केन्द्र व राज्य सरकारों को हर स्तर पर समुचित संवेदनशील व्यवस्था करने के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ सख़्त त्वरित कार्रवाई भी बहुत जरूरी है।''

घटना के विरोध में बढ़ रहा डॉक्टरों का आक्रोश
बता दें कि कोलकाता में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या की घटना के विरोध में डॉक्टरों का आक्रोश बढ़ रहा है। यूपी में 8 हजार से ज्यादा डाक्टर हड़ताल पर है। सभी डॉक्टरों ने कल रात IMS-BHU के गेट से सिंह द्वार तक कैंडल मार्च निकाला था। BHU में 100 से ज्यादा डाक्टर हड़ताल पर है। वहीं, लखनऊ के KGMU का OPD बंद किया गया है। डॉक्टर ट्रामा सेंटर में भी काम नहीं करेंगे। हड़ताल के दौरान रेजिडेंट डॉक्टर OPD सेवाएं, नियमित सर्जरी, और अन्य चिकित्सा सेवाओं से खुद को अलग रखेंगे। इसके साथ ही इस हड़ताल का असर अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेजों पर भी पड़ा है।
 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static