हिंडन नदी में मुस्लिम बच्चों ने फेंका ''गौमांस'', महापौर सुनीता दयाल ने देख बुला ली पुलिस, मदरसे से जुड़ा बच्चा गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 01:34 PM (IST)

लखनऊ/गाजियाबाद : हिंडन नदी में कथित तौर पर पशु अवशेष फेंके जाने के मामले में पुलिस ने रविवार को एक बच्चे को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल ने दावा किया था कि उन्होंने दो बच्चों को पकड़ा, जो कथित रूप से "गौमांस" हिंडन नदी में फेंकने जा रहे थे। इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने पशु अवशेषों को कब्जे में लेकर उनके नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। 

उन्होंने बताया कि इस मामले में एक बच्चे को हिरासत में लिया गया है। अधिकारी के अनुसार, हिरासत में लिया गया बच्चा जुबैर स्थानीय मदरसे से जुड़ा हुआ है और उसी ने कथित तौर पर दो लड़कों को मांस फेंकने के लिए भेजा था। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में महापौर सुनीता दयाल ने कहा, "आज मैं हिंडन नदी के पुल से गुजर रही थी। वहां बाईं ओर कूड़े का ढेर दिखा। मैं सोचने लगी कि यहां कूड़ा कौन फेंक रहा है। तभी मैंने दो बच्चों को एक कट्टा लाते हुए देखा। जब मैंने उनसे पूछा कि वे यहां क्यों आए हैं, तो उन्होंने बताया कि वे कट्टा हिंडन में फेंकने आए हैं। जब कट्टे की जांच की गई, तो उसमें गाय का मांस मिला। बच्चों ने भी कहा कि कट्टे में गाय का मांस है।" 

महापौर ने कहा कि मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने शिकायत की कि अक्सर सड़क किनारे या नदी में कचरा और पशु अवशेष फेंके जाते हैं। दयाल ने कहा, "उन्होंने हिंडन नदी को अपवित्र कर दिया है और यह एक जघन्य अपराध है।" साथ ही उन्होंने बताया कि इस मामले में मदरसा संचालकों को भी बुलाया गया है और पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static