प्रतापगढ़ में बोलेरो की खातिर ले ली बहू की जान: दहेज हत्या के मामले में पति और सास गिरफ्तार, 5 साल पहले हुई थी शादी
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 02:59 PM (IST)
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लालगंज थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में गुरुवार को मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना लालगंज क्षेत्र के पूरे हरिकिशुन दुबे का पुरवा निवासी मालती (55) तथा उसके बेटे संतोष यादव (33) पुत्र शिव बहादुर यादव को पुलिस ने हरिकिशुन का पुरवा के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ दहेज हत्या का अभियोग दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार वादी की बहन की शादी लगभग 5 वर्ष पूर्व संतोष यादव के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति एवं ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे तथा बोलेरो वाहन की मांग कर रहे थे। आरोप है कि 12 मई की रात महिला के साथ मारपीट की गई, जिसकी सूचना उसने अपने मायके पक्ष को दी थी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर थाना लालगंज में 2 नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

