सेना के जवान हरिकेश यादव ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, टेल लाइट पर बैठकर 9 घंटे में लगातार चलाई 356 किलोमीटर बाइक
punjabkesari.in Saturday, Dec 17, 2022 - 08:45 AM (IST)
गाजीपुर(अनिल कुमार): उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले को वीरों की धरती के नाम से जाना जाता है। यहां के वीर सपूत क्षेत्र के साथ ही साथ अन्य क्षेत्रों में भी खासा नाम करते हैं। ऐसे ही एक वीर सपूत हरिकेश यादव ने बुलेट के टेल लाइट पर बैठकर 9 घंटे 17 मिनट में 356 किलोमीटर लगातार बाइक चलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है, जिसके बाद उनका घर आगमन पर जनपद में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड बनता ही तोड़ने के लिए है। मैंने भी किसी का तोड़ा है और मेरा भी कोई रिकॉर्ड तोड़ेगा। इस दौरान जंगीपुर क विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने अहीर रेजिमेंट बनाए जाने का स्वागत किया है।
लगातार बुलेट चलाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड
जानकारी मुताबिक जनपद गाजीपुर के जंगीपुर विधानसभा के अंधऊ नागतारा गांव के निवासी और भारतीय सेना के जवान हरिकेश यादव ने अपनी रेजिमेंट में बुलेट मोटरसाइकिल के टेल लाइट पर बैठकर 9 घंटे 17 मिनट में 356 किलोमीटर की लगातार बाइक चलाने का रिकॉर्ड बनाया, जो विश्व रिकॉर्ड में भी शामिल हो चुका है। उनकी इस कामयाबी पर जनपद में उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में जंगीपुर के विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव भी शामिल रहे और उन्होंने अपने इस वीर सपूत के द्वारा रिकॉर्ड बनाने पर फक्र महसूस करते हुए कहा कि ऐसे ही लोगों के पराक्रम को लेकर जनपद गाजीपुर का नाम सम्मान से लिया जाता है।
सांसद निरहुआ के द्वारा अहीर रेजिमेंट बनाए जाने की उठाई गई मांग
आपको बता दें कि आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल निरहुआ के द्वारा सेना में अहीर रेजिमेंट बनाए जाने की मांग उठाई गई। जिसको लेकर गाजीपुर के जंगीपुर से विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव से इस मामले पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि निरहू अपने रास्ते से भटक गए हैं। अगर वह बात कह रहे हैं कि केंद्र और प्रदेश में उनकी सरकार है, तो क्यों नहीं रेजिमेंट बनवा के दे रहे हैं। गांव के गरीब लोगों को नौकरी और पैसे से क्यों नहीं जोड़ के दे रहे हैं। आज नौजवानों को नौकरी क्यों नहीं मिल रही है, वह अहीर रेजिमेंट बनाने की बात कर रहे हैं हम उसका स्वागत करते हैं।

