ओवरटेक की कोशिश पड़ी भारी, बाइक की सामने से आ रहे वाहन से जोरदार टक्कर, दो युवकों की मौ/त

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 12:30 PM (IST)

बाराबंकीः उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में कार से आगे निकलने की कोशिश के दौरान एक मोटरसाइकिल सामने से आ रहे एक वाहन से टकरा गई, जिसमें उस पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे नगर कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या मार्ग पर कस्बा आलापुर के पास हुआ। मोटरसाइकिल पर सवार तीन दोस्त लखनऊ से बाराबंकी लौट रहे थे। इसी दौरान कार से आगे निकलने की कोशिश में मोटरसाइकिल सामने से आ रहे एक हल्के वाणिज्यिक वाहन से टकरा गई।

पुलिस ने बताया कि हादसे में रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के बरजोर पुरवा निवासी श्रवण (38) और अमित (30) की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा युवक धर्मराज (33) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाणिज्यिक वाहन, मोटरसाइकिल और उस पर सवार युवकों को करीब 150 मीटर तक घसीटता चला गया। पुलिस ने बताया कि एक मोबाइल फोन के जरिए मृतकों की पहचान हो सकी। चौकी प्रभारी पप्पू यादव ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News

static