सपा सरकार आने पर अयोध्या को बनाएंगे वर्ल्ड क्लास सिटी: अखिलेश यादव

punjabkesari.in Thursday, Jan 16, 2025 - 02:33 PM (IST)

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी सरकार से अयोध्या के किसानों को उनकी जमीन का मुआवजा बाजार मूल्य पर देने की मांग करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि 2027 में प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार आने पर अयोध्या को विश्व स्तरीय शहर बनाया जायेगा। अखिलेश ने पार्टी के प्रदेश दफ्तर में बातचीत में दावा किया कि अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा में होने वाले उपचुनाव में पीडीए समर्थित सपा उम्मीदवार रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगा।

हमारी पार्टी का समर्थन आम आदमी पार्टी को हैः अखिलेश
सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि दिल्ली में उनकी पार्टी का समर्थन आम आदमी पार्टी (आप) को है मगर इसका यह मतलब नहीं है कि वे कांग्रेस के विरोध में है। पीडीए की मजबूती के लिये चुनाव जिताऊ क्षेत्रीय दलों का साथ देना पार्टी की रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भाजपा से अयोध्या के किसान दुखी और परेशान है। उन्हे उनकी जमीन का उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। किसानों की जमीन को छीन कर सरकार फाइव स्टार होटल बना रही है। उनकी मांग है कि सरकार किसानों को अधिग्रहित जमीन का बाजार मूल्य में भुगतान करे। प्रभु राम की नगरी में फाइव स्टार होटलो के बजाय धर्मशाला और आश्रम होने चाहिये। सरकार यह बताएं कि बगैर बॉर के फाइव स्टार होटल हो सकते हैं क्या।

भाजपा इस चुनाव को बुरी तरह हारेगीः अखिलेश  
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी विकास की विरोधी नहीं है। सपा सरकार के समय हुए विकास कार्य आज भी लोगों को दिख रहे हैं। भाजपा को अगर विकास चाहिये तो उसे समाजवादियों की डगर पर चलना ही पड़ेगा। 2027 में पीडीए की सरकार आने पर अयोध्या का समुचित विकास किया जायेगा और उसे  वर्ल्ड क्लास सिटी बनाया जायेगा। मिल्कीपुर चुनाव की पारदर्शिता पर संदेह व्यक्त करते हुये उन्होंने कहा कि यह देश दुनिया का सबसे बड़ा उपचुनाव होगा जिस पर शोध भी किया जा सकता है हालांकि यह तय है कि भाजपा इस चुनाव को बुरी तरह हारेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static