हफ्ते भर के भीतर रद्द हुई BJP में शामिल हुए बबलू की सदस्यता, बहुगुणा के घर में आग लगाने के हैं आरोपी
punjabkesari.in Tuesday, Aug 10, 2021 - 07:38 PM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को पार्टी में शामिल करने के एक सप्ताह के भीतर पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू की पार्टी सदस्यता निरस्त कर दी है। पूर्व विधायक बबलू चार अगस्त को भाजपा में शामिल हुए थे। उनको पार्टी में शामिल करने पर भाजपा सांसद व पूर्व मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने आपत्ति की थी।
इस बाबत मंगलवार को भाजपा मुख्यालय से जारी बयान में पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू की पार्टी से सदस्यता निरस्त कर दी है। दुबे ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनके (बबलू) मामले की जांच होगी और सभी पक्षों पर विचार विमर्श के बाद उनकी सदस्यता पर निर्णय किया जाएगा। आज सभी पक्षों के अवलोकन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने यह फैसला किया।
गौरतलब है कि सांसद रीता बहुगुणा जोशी के घर में आग लगाने के मामले में आरोपी रहे बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू चार अगस्त को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए थे। उन्होंने पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली थी। जितेंद्र सिंह का नाम उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान में भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के घर में वर्ष 2009 में आग लगाने के मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल रहा है। उनके भाजपा में शामिल होने पर जोशी ने कहा था 'जितेंद्र सिंह बबलू के पार्टी में शामिल होने के समाचार से स्तब्ध हूं। उन्होंने 2009 में, जिस समय मैं मुरादाबाद जेल में बंद थी, उस समय सरोजनी नायडू मार्ग, लखनऊ स्थित मेरे निवास को आग लगाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। पूरे भारत में टेलीविज़न पर वह दिखाई दिए थे तथा तहकीकात में वह आरोपी पाए गए थे।'