Baghpat News: रसगुल्ला व पनीर की सब्जी से हुई बारातियों की तबीयत खराब, दूल्हा समेत 50 अस्पताल में भर्ती
punjabkesari.in Wednesday, Dec 06, 2023 - 12:42 PM (IST)

बागपत: गाजियाबाद के लोनी में शादी समारोह में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 50 से अधिक लोग दावत खाकर बीमार हो गए। जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। ऐसे में 15 से 20 बरातियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें दूल्हा भी शामिल है। वहीं, कई बाराती हालत में सुधार होने के बाद वापस घर लौट गए।
शादी में खाना खाकर कई बाराती बीमार
जिले के नौरोजपुर गुर्जर मार्ग स्थित आयशा कालोनी निवासी युवक हामिद की बारात मंगलवार सुबह लोनी स्थित खन्नानगर में गई थी। शादी समारोह में करीब 4 बजे बारातियाें ने खाना खाया। शाम करीब 6 बजे बारात दुल्हन की विदाई के बाद लौट गई। रास्ते में ही कई कई बरातियों की तबीयत खराब होने लग गई। जिसके बाद स्वजन बीमार बरातियों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने बीमारों का इलाज किया। सीएमएस का कहना है कि 15 बीमार लोग फूड प्वाइजनिंग से से ग्रस्त हैं। सभी की हालत खतरे से बाहर है।
रसगुल्ला व पनीर की सब्जी से हुई तबीयत खराब
इस बारे में बीमार बरातियों का कहना है कि शादी में करीब 250 से 300 लोगों ने खाना खाया। ज्यादातर लोग बीमार हुए हैं। कई लोग लोनी के अस्पताल में भी भर्ती हैं। इनमें सांकरौद गांव के कई लोग भी शामिल हैं। बरातियों का कहना है कि जिसने भी रसगुल्ला व पनीर की सब्जी खाई उसी की हालत खराब हुई है। आशंका है कि खाने में इस्तेमाल किया गया पनीर और खोया खराब था। अस्पताल पहुंचे दूल्हे को जैसे ही मीडियाकर्मी दिखाई दिए तो वो वहां से खिसक गया।
बता दें कि दूल्हा हाशिम, लोनी निवासी हसीना, हामीदनगर बागपत निवासी हामिद, शामली जनपद के अमरपुर निवासी सानिया, शाहिब, हाजरा, निरपुड़ा निवासी सुहेब, श्मशाद, आयशा कालोनी बागपत निवासी बच्चा शाद, बच्ची शादिया, बागपत निवासी नौशाद, बागपत निवासी सरीन का जिला अस्पताल में उपचार हुआ।