दिशा पाटनी के घर फायरिंग केस में पुलिस की जोरदार कार्रवाई: 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर, 2 और दबोचे – कस्टडी में पूछताछ जारी
punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 12:30 PM (IST)

Bareilly News (जावेद खान): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बड़ी खबर सामने आई है। जहां बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में दो शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया गया था। दोनों शूटरों के सिर पर एक-एक लाख रुपए का इनाम था।
जानिए क्या है पूरा मामला?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, 2 सितंबर की सुबह लगभग 3.45 बजे दिशा पाटनी के घर के बाहर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने करीब 8-10 राउंड फायरिंग की थी। उस समय दिशा के पिता जगदीश पाटनी, उनकी मां और बहन खुशबू पाटनी घर पर मौजूद थे। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
एनकाउंटर में मारे गए 2 शूटर
गाजियाबाद पुलिस, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, यूपी एसटीएफ और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी इलाके में दो शूटरों रविंद्र और अरुण को घेर लिया। मुठभेड़ में वे घायल हुए और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई। ये दोनों शूटर रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग के सक्रिय सदस्य बताए गए हैं।
दो और शूटर गिरफ्तार
दिल्ली की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने दिल्ली से 2 और शूटर नकुल और विजय को गिरफ्तार किया है। दोनों को पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाते हुए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।
परिवार ने जताया धन्यवाद
दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कर पुलिस की कार्रवाई पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यूपी सरकार और पुलिस अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और समाज को सुरक्षित बनाने की दिशा में काम कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना के तुरंत बाद खुलासे और दोषियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। पुलिस की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई कर इस मामले में बड़ी सफलता हासिल की है।