भूपेन्द्र चौधरी का दावा- निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी भाजपा

punjabkesari.in Sunday, Dec 11, 2022 - 11:38 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि मोदी-योगी सरकार के कार्यों और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से पार्टी निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक रविवार को राज्य मुख्यालय पर हुयी बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना के साथ ही नगर निकाय चुनाव की तैयारियों तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई। पार्टी 12 दिसम्बर से 18 दिसम्बर तक आगामी संगठनात्मक कार्यों एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर क्षेत्र एवं जिला स्तर पर बैठकें आयोजित करेगी।       

चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले हो रहे नगरीय निकाय का चुनाव महत्वपूर्ण हैं। हम सभी पार्टी पदाधिकारियों का यह दायित्व है कि वे संगठन की योजनानुसार कार्य करते हुए नगर निकाय के चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के अभियान में लगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश से लेकर बूथ तक के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर प्रदेश में नगरीय निकाय के चुनाव में पार्टी की जीत के लिए काम करना है।       

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों के लिए जल्द ही अधिसूचना जारी होने की संभावना है ऐसे में हम सब लोग संगठन की तय योजनानुसार महापौर, पार्षद, पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष व अन्य पदो के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने जिला व वार्ड स्तर पर चुनाव समितियों के गठन पर भी जोर दिया।       

चौधरी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में एक-एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपकर चुनावी रणनीति तैयार की जाए। हर बूथ भाजपा-हर घर भाजपा के मंत्र के साथ प्रत्येक दहलीज तक सम्पर्क करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव में ज्यादा समय नहीं है। इसलिए सभी संगठनात्मक कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करना हैं उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया का आधार सामूहिकता होगा। महापौर, नगरपालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष तथा नगरनिगम, नगरपालिका व नगर पंचायत के पार्षद प्रत्याशी स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा तय किये जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static