बड़ी खबर; यूपी में इन 42% कर्मचारियों का रुकेगा वेतन...निर्देश जारी
punjabkesari.in Saturday, Jan 24, 2026 - 11:52 AM (IST)
UP News: उत्तर प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पर यूपी के 42 प्रतिशत पुलिसकर्मियों के वेतन रोकने का निर्देश जारी किया गया है। दरअसल, प्रदेश पुलिस के अब तक केवल 58 प्रतिशत कर्मचारियों ने मानव संपदा पोर्टल पर अपनी चल और अचल संपत्ति की जानकारी दर्ज की है। बाकी 42 प्रतिशत कर्मचारियों ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है। यदि वे समय पर विवरण अपलोड नहीं करते हैं, तो उनका जनवरी महीने का वेतन रोका जा सकता है।
निर्देश जारी
इसको लेकर डीजीपी मुख्यालय की तकनीकी सेवा शाखा ने आदेश जारी किया है। इसमें सभी शेष कर्मचारियों को 31 जनवरी तक अपनी संपत्ति का विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है। साफ तौर पर कहा गया है कि जिन कर्मचारियों का विवरण तय समय तक पोर्टल पर दर्ज होगा, उन्हीं को जनवरी महीने का वेतन मिलेगा।
कब तक देनी होगी डिटेल?
तकनीकी सेवा मुख्यालय ने इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों, पुलिस कमिश्नरों, एडीजी जोन, आईजी रेंज और जिलों के पुलिस कप्तानों को पत्र भेजा है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से समय पर संपत्ति का विवरण अपलोड कराएं, ताकि वेतन भुगतान में किसी तरह की परेशानी न हो। इन कर्मचारियों को 31 जनवरी तक सारी डिटेल देनी होगी।

