इंडिया की ताकत के आगे भाजपा क्लीन बोल्ड हुई: भाकपा-माले

punjabkesari.in Saturday, Sep 09, 2023 - 02:10 AM (IST)

Lucknow News: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा-माले) ने घोसी विधानसभा उपचुनाव परिणाम पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए शुक्रवार को कहा कि इंडिया की ताकत के आगे भाजपा क्लीन बोल्ड हो गई है। पार्टी ने उपचुनाव परिणाम का जोरदार स्वागत किया है और घोसी के मतदाताओं को धन्यवाद दिया है।
PunjabKesari
माले के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि नोटबंदी के बाद नामबंदी लाने वाली भाजपा ने अभी इंडिया का ट्रेलर देखा है, जो हिट हुआ है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब पूरी पिक्चर 2024 में दिखेगी, तब क्या होगा। 'इंडिया' गठबंधन को इरादतन ठंडे बस्ते में भेजने के लिए 'भारत' को आगे करने की भाजपा सरकार की जुगत भी काम नहीं आई। इंडिया की जगह भारत प्रयोग करने के संघ (आरएसएस) के सुझाव सहित भाजपा की उक्त संविधान-विरोधी कार्रवाई को जनता ने खारिज किया है।
PunjabKesari
माले नेता ने कहा कि इस उपचुनाव में तकरीबन प्रदेश की पूरी सरकार लखनऊ के बजाए घोसी से संचालित होने लगी थी। मुख्यमंत्री से लेकर केंद्र व प्रदेश के मंत्री लगे थे और सत्ता की ताकत लगी थी। मगर जनता के फैसले ने इंडिया को जीताकर भाजपा के अहंकार और राजग को चारों खाने चित्त कर दिया। घोसी में सिर्फ भाजपा प्रत्याशी की नहीं, बल्कि योगी-मोदी चेहरों की हार हुई है। कहा जाता है कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाता है। ऐसे में लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा शासित यूपी से आये इस विस उपचुनाव परिणाम के दूरगामी संकेत हैं।

गौरतलब है कि घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह की भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान पर विजयी बढ़त की खब़रों के साथ ही पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। जैसे ही समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की बम्पर जीत तय हो गई सम्पूर्ण वातावरण समाजवादी पार्टी जिंदाबाद, अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं में जो जोश की लहर दिखी उससे प्रतीत होता है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा बुरी तरह से हारेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static