अखिलेश यादव का बड़ा आरोप! BJP सरकार ने योग्य युवाओं को बना दिया डिलीवरी ब्वॉय... क्या है सच्चाई?

punjabkesari.in Monday, Apr 28, 2025 - 08:31 AM (IST)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार तीखा हमला करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को सम्मानजनक रोजगार नहीं दे पा रही है। प्रोफेशनल कोर्स किए युवाओं को डिलीवरी ब्वॉय बना दिया गया है। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश ने कहा कि नौकरियां खत्म हो रही हैं। युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार काम नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार युवाओं को सम्मानजनक रोजगार नहीं दे पा रही है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार आज बड़े मुद्दे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रोफेशनल कोर्स किए युवाओं को डिलीवरी ब्वॉय बना दिया गया है। भाजपा सरकार संविधान द्वारा लोगों को दिए गए अधिकारों को छीन रही है। आरक्षण के साथ खिलवाड़ कर रही है। निजीकरण को बढ़ावा दे रही है। नियुक्तियों में राजनीतिक हस्तक्षेप हो रहा है।

युवतियों के लिए असुरक्षित है यूपी: सपा प्रमुख का बड़ा आरोप
सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश का माहौल युवतियों के लिए असुरक्षित है। सरकार बहन-बेटियों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। शिक्षा की फीस महंगी होती जा रही है। ग्रामीण और गरीब बच्चे प्रोफेशनल कोर्स में एडमिशन नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का दावा है कि मुद्रा योजना के तहत 52 करोड़ लोगों को 33 लाख करोड़ रुपए का लोन दिया गया। इस तरह अगर मुद्रा योजना के एक भी लाभार्थी ने एक व्यक्ति को रोजगार दिया होता तो देश में बेरोजगारी पूरी तरह खत्म हो जाती और कोई भी बेरोजगार नहीं रहता।

शिक्षा की फीस बढ़ी, गरीब बच्चे नहीं ले पा रहे प्रोफेशनल कोर्स: अखिलेश
यादव ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में मनमानी और निजीकरण हो रहा है। सपा के युवा इसके खिलाफ जनता के बीच जाएंगे। सपा के सभी नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को पीडीए के संकल्प से अवगत कराएंगे और सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने का संकल्प दोहराएंगे। इससे पहले उन्होंने यूथ ब्रिगेड की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सपा के युवा गांव-गांव जाकर भाजपा के झूठ को उजागर करेंगे और लोगों को पीडीए के संकल्प से अवगत कराएंगे। पीडीए की रणनीति ने भाजपा को लोकसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने से रोक दिया है।

सपा का 2027 तक सत्ता में लौटने का दावा, युवा संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की अपील
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अराजकता चरम पर है। सभी ने देखा कि आगरा में सरकार के संरक्षण में तलवारें लहराई गईं। अगर भाजपा लोकसभा चुनाव में 400 सीटें जीत जाती तो सड़कों पर तलवारें दिखाई देतीं। लोगों का जीना मुश्किल हो जाता। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि आसपास जो भी घटना हो, उसमें लोगों का दुख-दर्द बांटें। सपा की नीतियों और कार्यक्रमों से लोगों को अवगत कराएं। लोगों को पार्टी से जोड़ें और वोट बढ़ाएं। सपा के पास युवाओं का मजबूत संगठन है। वे सपा की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि युवा अपना बूथ मजबूत करें। जमीन पर काम करें। बूथ को चुनाव में जिताएं। 2027 में सपा की सरकार बनने जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static