भव्य राम मंदिर बनवाकर भी हार गई भाजपा, उठ रहे सवाल...जिनके टूटे घर-दुकानें, क्या उन्हें मिला मुआवजा?

punjabkesari.in Wednesday, Jun 12, 2024 - 05:05 PM (IST)

लखनऊ/अयोध्या: लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में हुई करारी हार के बाद अब एक कमेटी बनाकर हार पर मंथन करेगी। उत्तर प्रदेश में सबसे हाॅट सीट फैजाबाद (अयोध्या) पर भाजपा की हार के बाद से लोग तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। आरोप है कि जब राम मंदिर बना तो बहुत सारे लोगों के घर टूटे, जिसका मुआवजा लोगों को नहीं मिला है। इसी को लेकर लोगों में नाराजगी थी, जो चुनाव नतीजों के रूप में उभरी है। हालांकि प्रशासन ने इस बात से साफ इंकार किया है। प्रशासन की ओर से दावा किया गया है कि प्रभावित लोगों को क्षतिपूर्ति के रूप में 1253 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं।
PunjabKesari
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अयोध्या के DM नितीश कुमार ने बताया कि राम जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ, राम पथ, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग, चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग और अयोध्या हवाई अड्डे के निर्माण के दौरान मकान और दुकानें हटाए जाने से प्रभावित हुए अयोध्या वासियों को मुआवजे के रूप में 1,253.06 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में यातायात और आवागमन की सुविधाओं को आधुनिक और सुचारू बनाने के लिए सड़क के दोनों ओर के दुकानदारों, भवन मालिकों और भूस्वामियों के साथ समन्वय करके विभिन्न प्रमुख सड़कों और रास्तों का सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण किया गया था। प्रभावित लोगों का नियमानुसार पुनर्वास किया गया और उन्हें मुआवजा प्रदान किया गया है।
PunjabKesari
54,567 वोटों से सपा प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी को चुनाव हराया
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा न सिर्फ अयोध्या में हारी है, बल्कि अयोध्या मंडल की सभी सीटों से पार्टी का सफाया हो गया। अयोध्या की फैजाबाद सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अवधेश प्रसाद ने बीजेपी उम्मीदवार लल्लू सिंह को 54,567 वोटों से चुनाव हराया है। सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद को 5,54,289 वोट मिले है, जबकि भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह को 4,99,722 वोट मिले हैं।
PunjabKesari
'भाजपा ने राम के नाम पर राजनीति की और अब उसका परिणाम....'
अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद भी भाजपा का अयोध्या से ही हार जाना चर्चा का विषय है। वहीं, अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या राम मंदिर निर्माण से लोग खुश नहीं हुए। या फिर भाजपा द्वारा दी गई बड़ी सौगात ही पार्टी की हार का कारण बनी है। इसी को लेकर अयोध्या में जीत दर्ज करने वाले सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि भाजपा ने राम के नाम पर अयोध्या के नाम पर राजनीति की है। उनके घरों को उजाड़ा गया है, मुआवजा बहुत कम दिया गया है। क्या राम का यही संदेश था। वहां लोगों को बहुत समस्याएं हैं। लोग वीआईपी कल्चर से लोग परेशान है। सड़क पर सीवर का पानी बहता है। उन्होंने आगे कहा कि हम प्रभु श्री राम नहीं हो सकते हैं, लेकिन इतना मेरे मन और दिल में है राम की जो मर्यादाएं हैं, वह फिर से बहाल हो। वहां के लोगों की जो समस्याएं हैं, वह सारे मुद्दों को संसद में उठाएंगे।
PunjabKesari
इतना ही नहीं सपा के जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने भी एक शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि सड़कों को चौड़ा करने के लिए घरों को तोड़ा गया है। यहां के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है और उन्हें उनके स्थानों से उखाड़ा जा रहा है। दरअसल, अयोध्या में भाजपा की हार के बाद कुछ लोगों का कहना है कि शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के नाम पर स्थानीय लोगों को जो परेशान किया गया है। ये भी बीजेपी की हार के कारणों में से एक है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News

static