BJP सांसद निरहुआ का जोरदार हमला, बोला- अपने गिरेबान में झांके सपा... अगर कुछ किया होता तो आजमगढ़ में हारते नहीं
punjabkesari.in Tuesday, Oct 18, 2022 - 05:57 PM (IST)

आजमगढ़: मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ के दौरे पर पहुंचे दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हल्ला बोला कहा अपने गिरेबान में झांककर देखे सपा। जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर सपा का कब्जा है। पिछले 8 सालों से उन्हीं के पार्टी के सांसद भी थे। लेकिन एक बांध भी ठीक ढंग से नहीं बनवा पाए। अगर अपनी सरकार के दौरान सपा ने आजमगढ़ में ठीक ढंग से काम किया होता तो आज वो चुनाव हार के भागते नहीं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर थे सांसद
आपको बता दे कि यूपी के कई जिले इस वक्त बाढ़ के चपेट में है। इनमें आजमगढ़ जिला भी बुरी तरह से प्रभावित है। सांसद होने के नाते दिनेश लाल यादव मंगलवार को अपने क्षेत्र के लोगों का हाल जानने के लिए निकले थे। इस दौरान मीडिया के माध्यम से समाजवादी पार्टी पर पलटवार किया और पूछा कि जिले में उनके दस विधायक हैं और सांसद भी रहे हैं अगर काम किया है बंधा क्यों टूट रहा है। उन्होंने सपा को अपने गिरेबान में झांककर देखने की नसीहत दी।
सपा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को बताया था भाजपा नेताओं का पिकनिक स्पॉट
समाजवादी पार्टी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भाजपा के मंत्री, विधायक और सांसदों के द्वारा दौरा किए जाने को भाजपा नेताओं का पिकनिक स्पॉट बता कर तंज किया गया। इस सवाल पर भाजपा सांसद ने सपा पर जोरदार हमला बोला और सपा के विधायकों के साथ ही उनके सरकार पर तंज किया। सांसद महोदय ने कहा कि अगर सपा सरकार में बांध ठीक ढंग से बना होता तो आज टूट नहीं रहा होता साथ ही वो लगातार कमजोर भी होता जा रहा है। आजमगढ़ के लोगों को बहला कर हमेशा उनका वोट लेकर उन्हें धोखा दिया है।
मुसिबत के समय सरकार उनके साथ
दिनेश लाल यादव ने कहा कि आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु के साथ उन्होंने खुद बाढ़ क्षेत्र का दौरा किया। जिनका घर बाढ़ में टूटा है सरकार उन्हें घर बनवा कर देगी। मंत्री जी ने खुद शासन को अवगत कराया कि जिले की हालात दयनीय हैं। उन्होंने पानी घटते ही बांध को मजबूत करने का निर्देश दिया है। बांध को दस फीट ऊंचा किया जाएगा। बाढ़ का पानी घट रहा है तो आने वाले दिनों में बीमारियों का खतरा भी बढ़ेगा। इसे देखते हुए सीएमओ को निर्देश दिया गया है कि तत्काल दवाओं का छिड़काव शुरू कराएं। साथ ही कैंपे में मेडिकल व्यवस्था को और सुदृढ़ करें। बाढ़ क्षेत्र में मच्छरदानी का भी वितरण किया जाएगा। जल्द ही सिंचाई मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह का दौरा होने जा रहा है। वे यहां बड़ी घोषणा करेंगे।
15 नवंबर तक सड़के गड्ढा मुक्त होंगी
मीडिया के द्वारा जिले की सड़कों की खस्ता हालत को लेकर सवाल करने पर कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर जिले की सभी सड़कें 15 नवंबर से पहले गड्ढा मुक्त हो जाएंगी। इस काम में अगर कोई भी अधिकारी लापरवाही करेगा तो बख्शा नहीं जाएगा। निरहुआ ने कहा कि सगड़ी के लोगों ने मुझे चुना है तो उनकी हर समस्या हमारी अपनी है। इसके साथ ही सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को अपनी श्रद्धांजली देते हुए कहा कि नेताजी का जाना देश के लिए बड़ी क्षति है। वे जमीन से जुड़े नेता थे। यही वजह है कि उनके निधन से हर दल के लोग मर्माहत हैं।