लखनऊ फायरिंग: BJP सांसद के बेटे ने अपने साले से खुद पर चलवाई थी गोली, दोनों पर मामला दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Mar 04, 2021 - 09:06 AM (IST)

लखनऊ: भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे को बुधवार भोर संदिग्ध हालात में गोली मार दी गई। इस मामले में हिरासत में लिए गए एक करीबी रिश्तेदार ने कुछ लोगों को फंसाने के लिए इस घटना को जानबूझकर अंजाम देने का दावा किया है। पुलिस आयुक्त डी.के. ठाकुर ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि इस मामले में सांसद के बेटे आयुष और उसके साले आदर्श के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और साले (पत्नी के भाई) आदर्श को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सांसद पुत्र की तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अब तक की तहकीकात में पता चला है कि सांसद के बेटे के कहने पर उसके साले ने गोली चलाई थी। इससे पहले पुलिस आयुक्त ठाकुर ने कहा था कि अब तक हुई जांच में पाया गया है कि सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष ने अपने साले आदर्श से खुद पर गोली चलवाई थी। उसने घटना को कुबूल करते हुए कहा कि उसने आयुष के कहने पर ही उस पर गोली चलाई थी। इस मामले में इस्तेमाल की गई बंदूक बरामद कर ली गई है।

मड़ियांव थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मोहनलालगंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष (30) को गोली मारी गई है। यह घटना 2-3 मार्च की दरम्यानी रात करीब सवा 2 बजे सीतापुर मार्ग पर हुई। उन्होंने बताया कि इस घटना में आयुष मामूली रूप से घायल हुए थे। उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां से सुबह ही उन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सिंह ने बताया कि आदर्श ने आयुष को गोली मारने का जुर्म कुबूल कर लिया है। उसका कहना है कि कुछ लोगों को फंसाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

सिंह ने कहा कि पकड़े गए अभियुक्त से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इस बीच, सांसद कौशल किशोर ने संवाददाताओं को बताया कि ट्रॉमा सेंटर में उनके बेटे ने उन्हें किसी का नाम नहीं बताया। उसने यह जरूर बताया था कि वह अपने साले के साथ घर से बाहर निकला था, तभी यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि आयुष और उसका साला आदर्श जो भी कह रहे हैं, वह वे ही बेहतर जानते होंगे। उनकी किसी से इस तरह की रंजिश नहीं थी। न जाने क्यों वह किसी को फंसाना चाहेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static