पश्चिम बंगाल में BJP का धरना, स्वतंत्रदेव सिंह बोले- TMC के गुंडे कर रहे कार्यकर्ताओं की हत्या

punjabkesari.in Thursday, May 06, 2021 - 10:08 AM (IST)

लखनऊ: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा, तोड़फोड़ के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को राज्यव्यापी धरना प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममजा बनर्जी के संरक्षण में तृणमूल कांग्रेस के गुंडे भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर रहे हैं।

इसके विरोध में पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आहवान पर पूरे देश में पार्टी द्वारा आयोजित किए जा रहे धरने के क्रम में आज उत्तर प्रदेश में पार्टी पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने धरना देकर पश्चिम बंगाल में हो रही अराजकता व हिंसक तांडव के खिलाफ विरोध व्यक्त किया है। प्रदेश में लागू कोरोना कर्फ्यू के कारण सिंह ने अपने आवास पर धरना दिया, जबकि पार्टी के अन्य पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों ने भी पूरे प्रदेश में कोविड-19 प्रोटोकाल कर्फ्यू का पालन करते हुए अपने-अपने आवास पर धरना देकर आक्रोश व्यक्त किया।  

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव के बाद जो घटनाएं देखने व सुनने को मिली है वह हैरान और चिंतित करने वाली है। जिस तरह की घटनाएं पश्चिम बंगाल में हो रही है ऐसे घटनाएं भारत के विभाजन के समय देखी और सुनी गई। अंग्रेजी हुकूमत से आजाद होने के बाद भारत में चुनाव नतीजों के बाद इतनी असहिष्णुता कभी नहीं देखी गई। राजनैतिक लड़ाई विचारधाराओं पर आधारित होती है न कि बम, बंदूक और तलवार की। ममता बनर्जी और टीएमसी की राजनीति हिंसा और उत्पीडन की राजनीति है। जब ममता बनर्जी की सोच इतनी हिंसक हो तो उनके समर्थक पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा हिंसा, अराजकता और उनकाआतंक स्वाभाविक है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और गुंडों द्वारा विधानसभा चुनाव परिणाम आने के 24 घंटे के भीतर ही भाजपा के कई कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई। भाजपा के कई कार्यकर्ताओं के घर व दुकानें जला दी गई। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की हिंसा के तांडव के जो हृदयविदारक द्दश्य सामने आ रहे हैं, वे डरावने और चिंताजनक है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसा की तांडव व भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा तृणमूल कांग्रेस आतंक, अराजकता और गुंडागर्दी के खिलाफ हम प्रजातांत्रिक तरीके से लड़ाई लड़ेंगे। हम इस अत्याचार को नही सहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static