न कोई स्टार, न कोई बड़ी हस्ती... बेहद दुख की बात, धर्मेंद्र की एक्ट्रेस के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचा एक भी Bollywood Celebrity
punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 07:24 PM (IST)
UP Desk : बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री कामिनी कौशल का शनिवार को मुंबई में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके परिवार ने एक शांत समारोह में उनका अंतिम संस्कार किया। उनके अंतिम संस्कार के समय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसको देखने के बाद नेटिजन्स उनके परिवार को ट्रोल कर रहे हैं। अंतिम संस्कार के समय परिवार और उनके करीबी लोग उनको अंतिम विदाई देने पहुंचे। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य एंबुलेंस से उतरते समय हंसते हुए दिखाई दिए।
भारत की सबसे बुजुर्ग अभिनेत्री मानी जाने वाली दिग्गज कामिनी कौशल ने 98 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। भारतीय सिनेमा में उनके अपार योगदान के बावजूद, अंतिम संस्कार में बॉलीवुड से कोई भी मौजूद नहीं था और न ही कोई भी कलाकार को अंतिम विदाई देने आया। शाहिद कपूर, करीना कपूर, कियारा आडवाणी और शूजित सरकार सहित कई अन्य लोगों ने सोशल मीडिया पर दिग्गज अभिनेत्री को श्रद्धांजलि दी। हालांकि, वर्ली शमशान भूमि में आयोजित एक्ट्रेस के अंतिम संस्कार में कोई भी नज़र नहीं आया।
कियारा ने किया भावुक पोस्ट
शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी ने फिल्म 'कबीर सिंह' में कामिनी कौशल के साथ काम किया था। दोनों ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट के माध्यम से अपना दुख व्यक्त किया। कियारा ने दिग्गज अभिनेत्री की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा-"आपके साथ काम करना सम्मान की बात थी। आपकी शालीनता, विनम्रता और प्रतिभा ने पीढ़ियों को प्रेरित किया और भारतीय सिनेमा पर एक अविस्मरणीय छाप छोड़ी। शांति से विश्राम करें, कामिनी कौशल जी।"
शाहिद कपूर ने भी किया पोस्ट
शाहिद कपूर ने भी अपनी ऑन-स्क्रीन दादी के निधन पर पोस्ट कर लिखा, "आराम से विश्राम करो, मैडम।" दूसरी ओर, करीना कपूर ने इंस्टाग्राम पर दिग्गज अभिनेत्री की एक तस्वीर साझा की, जिसमें उन्होंने श्रद्धांजलि के रूप में एक दिल, इंद्रधनुष और हाथ जोड़ने वाला इमोजी जोड़ा।
पहली फिल्म ने 'कान फिल्म समारोह' में जीता पुरस्कार
कामिनी कौशल का जन्म लाहौर में हुआ था। वह अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थीं। 90 से अधिक फिल्मों में काम करने वाली कामिनी कौशल भारतीय सिनेमा की एक प्रभावशाली हस्ती थीं। उनका करियर दशकों तक चला। उन्होंने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत साल 1946 में रिलीज हुई फिल्म "नीचा नगर" से की थी। जोकि 1946 के कान फिल्म समारोह में पाल्मे डी'ओर पुरस्कार जीतने वाली एक ऐतिहासिक परियोजना थी।
फिल्मी सफर और उप्लब्धियां
कामिनी कौशल ने इन वर्षों में, "शहीद", "नदिया के पार", "शबनम, आरज़ू" और "बिराज बहू" जैसी प्रसिद्ध फ़िल्मों में यादगार अभिनय किया। उनके काम में "दो भाई", "ज़िद्दी", "पारस", "नमूना", "झांझर", "आबरू", "बड़े सरकार", "जेलर", "नाइट क्लब" और "गोदान" जैसी सुपरहिट फ़िल्में में बेहतरीन देकर लोगों के दिलों पर राज किया। फ़िल्मों के अलावा, उन्होंने टेलीविजन पर भी अपनी छाप छोड़ी। ख़ास तौर पर दूरदर्शन के कार्यक्रम "चांद सितारे" के साथ उन्होंने पहचान बनाई। इस वरिष्ठ अभिनेत्री ने दिलीप कुमार, राज कपूर, देव आनंद और अशोक कुमार सहित भारतीय सिनेमा के कई महानतम सितारों के साथ काम किया। उनको शाहिद कपूर के दादी के किरदार में कबीर सिंह में देखा गया था। कामिनी ने अपने बाद के वर्षों में भी सिनेमा से जुड़ाव जारी रखा। वह आखिरी बार आमिर खान और करीना कपूर की 2022 में रिलीज़ हुई फिल्म "लाल सिंह चड्ढा" में नजर आई थीं। कामिनी कौशल के परिवार में उनके बेटे श्रवण, विदुर और राहुल सूद हैं।

