UP Weather Update: IMD का अलर्ट! उत्तर प्रदेश में लौटी हाड़ कंपाने वाली ठंड, तेज हवाओं और गलन से लोग परेशान
punjabkesari.in Friday, Feb 07, 2025 - 08:05 AM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2025_2image_08_03_280809481upweather.jpg)
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में फरवरी महीने के मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 8 फरवरी को हिमालयी क्षेत्र से एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा, जिसके कारण मौसम में कुछ बदलाव हो सकते हैं। इसके पहले ही यूपी में रात के समय गलन बढ़ गई है और कई शहरों में रात का तापमान भी गिरा है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 फरवरी के बाद तापमान में कुछ और बदलाव हो सकता है।
IMD की जानकारी: हवाओं की रफ्तार और हल्का कोहरा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभागों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, कुछ जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग ने 8 फरवरी के बाद मौसम में कोई खास बदलाव की उम्मीद जताई है, लेकिन अगले 5 दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है
मौसम में जल्द बदलाव की संभावना नहीं
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी में मौसम का रुख तेजी से बदल रहा है। हालांकि, अगले 48 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। वे यह भी कह रहे हैं कि तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
लुढ़का न्यूनतम तापमान: इटावा सबसे ठंडा
यूपी के लखनऊ स्थित अमौसी मौसम केंद्र के अनुसार, गुरुवार को यूपी के इटावा में सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, वाराणसी में दिन के समय ज्यादा तेज धूप का असर देखा गया, जहां अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।