पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी ने कहा- भाजपा के हाथों में खेल रही है बसपा इसलिए गठबंधन से रहेगी दूरी
punjabkesari.in Wednesday, Jul 12, 2023 - 09:57 AM (IST)

बरेली/आंवला: पूर्व केंद्रीय मंत्री व सपा नेता सलीम शेरवानी ने कहा कि सपा लोकसभा चुनाव- 2024 में कांग्रेस, रालोद समेत कई पार्टियों के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा को सिर्फ 36 फीसदी वोट मिले थे, बाकी 64 फीसदी विपक्षी दलों में अलग-अलग बंट गए थे। अब विपक्ष एकजुट होकर इन्हीं वोटों के दम पर भाजपा को हराएगा।
बसपा भाजपा के हाथों में खेल रही
आंवला चेयरमैन सय्यद आबिद अली के निजी कार्यक्रम में आए सलीम शेरवानी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कोशिश की जा रही है कि सभी विपक्षी दल एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरें। एक बैठक बिहार में हो चुकी है, दूसरी कर्नाटक में होने जा रही है। यूपी में कई दलों से बात चल रही है। बोले, भाजपा की सरकार को नौ साल हो चुके हैं। महंगाई और बेरोजगारी से आदमी बहुत ज्यादा तकलीफ में है। उन्होंने कहा कि बसपा भाजपा के हाथों में खेल रही है। इसलिए उसका इस गठबंधन में शामिल होना मुश्किल है।
चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा- पार्टी नेतृत्व तय करेगा
खुद चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि अभी न इस बारे में सोचा है न टिकट मांगा है। यह पार्टी नेतृत्व तय करेगा। फिलहाल पार्टी को मजबूत किया जा रहा है। इस दौरान पूर्व मंत्री आबिद रजा, सहसवान विधायक बृजेश यादव, पूर्व विधायक महिपाल सिंह, लक्ष्मण प्रसाद लोधी, मशकूर खान, विजेंद्र सिंह यादव, अरविंद यादव आदि लोग मौजूद रहे।
यूसीसी लागू हो लेकिन एक राय बनाकर
सलीम शेरवानी ने कहा कि समान नागरिक संहिता का भारत में भी स्वागत होना चाहिए क्योंकि यह कई देशों में पहले से लागू है। इसे यहां भी लागू होना चाहिए लेकिन राजनीतिक मुद्दा बनाकर फायदा उठाने की कोशिश करने के बजाय बहस के साथ सभी की राय लेकर इसे आगे बढ़ाना चाहिए।