घोड़ी चढ़ने पर जातिगत सोच के लोगों ने दलित दूल्हे पर बोला हमला, वीडियो वायरल

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 03:33 PM (IST)

यूपी डेस्क: गुजरात के पाटन जिले से सामने आई एक घटना ने सामाजिक समानता और विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चंद्रुमाना गांव में दलित समुदाय के एक दूल्हे की शादी उस समय भय और अफरातफरी में बदल गई, जब कथित ऊंची जाति के लोगों ने उसकी बारात पर हमला कर दिया। कारण सिर्फ इतना था कि दलित दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर बारात निकाल रहा था।

बारात का रास्ता रोक, बोल घोड़ी पर कैसे बैठा?
जानकारी के अनुसार, दलित युवक विशाल चावड़ा सोमवार को अपनी शादी की बारात लेकर गांव में निकला था। बारात में संगीत बज रहा था और माहौल खुशियों से भरा हुआ था। इसी दौरान कुछ लोगों ने बारात का रास्ता रोक लिया और जातिसूचक टिप्पणी करते हुए विरोध जताया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने तलवारें निकाल लीं और बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।

गांव में तना के बाद पुलिस बल तैनात 
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

समानता के दावे की खुली पोल 
यह घटना किसी व्यक्तिगत विवाद का नहीं, बल्कि जातिगत भेदभाव और सामाजिक वर्चस्व की मानसिकता का उदाहरण मानी जा रही है। दलित समाज के लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। पीड़ित परिवार का कहना है कि शादी जैसे पवित्र अवसर पर हुए इस हमले ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया है। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कानून और संविधान में समानता के अधिकार के बावजूद समाज का एक वर्ग आज भी जातिगत सोच से बाहर क्यों नहीं निकल पा रहा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static